
दरभंगा। राजकीय डिग्री कॉलेज, सिंघवाड़ा, दरभंगा में सत्र 2026–2030 के बी.ए. प्रथम वर्ष में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस नवस्थापित कॉलेज के लिए अब तक कुल 28 छात्र-छात्राओं ने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के पोर्टल पर आवेदन किया है। बुधवार को ललिता कुमारी ने नामांकन लेकर इतिहास रच दिया। वे इस कॉलेज में नामांकन लेने वाली पहली छात्रा बन गई हैं। इस अवसर पर सनहपुर विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. अविनाश कुमार, कॉलेज के वरीय शिक्षक डॉ. मो तसलीम, सामाजिक कार्यकर्ता चंदा झा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। मौके पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मुश्ताक अहमद ने कहा बिहार सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के प्रसार के उद्देश्य से नए डिग्री कॉलेज खोलकर सराहनीय कार्य किया है। किंतु बुनियादी सुविधाओं, शिक्षकों, अन्य कर्मचारियों की कमी के कारण अनेक कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही हैं। सरकार को चाहिए इन कमियों को शीघ्र दूर करे, ताकि जिस उद्देश्य से कॉलेज की स्थापना की गई है, वह सफल हो सके और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं आम जनता को इसका पूरा लाभ मिल सके।
