डीएम ने खिलाड़ियों से मिलकर बढ़ाया हौसला,कहा ईमानदारी से दें अपना शत-प्रतिशत
दरभंगा, 29 सितंबर 2026 :- खेल विभाग, बिहार, पटना, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ मंगलवार को नेहरू स्टेडियम लहेरियासराय में हुआ।
चार दिवसीय यह प्रतियोगिता 29 सितंबर से 02 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में जिले के कई दर्जनों सरकारी एवं निजी विद्यालयों के 2,500 से अधिक बालक-बालिकाएं विभिन्न खेल विधाओं में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन उपस्थित थे।
जिला खेल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार ने सभी अतिथियों को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने का जज्बा पैदा करता है।
प्रतियोगिता में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण है कि प्रत्येक खिलाड़ी पूरी ईमानदारी, मेहनत और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिणाम की चिंता किए बिना पूरे उत्साह के साथ खेलने तथा एक-दूसरे का सम्मान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि दरभंगा की धरती पर प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें सही अवसर, बेहतर मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास का मंच देने की।
जिला प्रशासन की ओर से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
डीएम श्री कौशल कुमार नेहरू मैदान पहुंचकर विभिन्न विद्यालयों की टीमों के खिलाड़ियों से बारी-बारी से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें अपना शत-प्रतिशत प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। डीएम के इस आत्मीय व्यवहार से खिलाड़ी काफी उत्साहित नजर आए।
प्रतियोगिता के तहत विभिन्न खेलों का आयोजन अलग-अलग स्थलों पर किया जा रहा है। एथलेटिक्स एवं वॉलीबॉल का आयोजन नेहरू स्टेडियम,शतरंज का बिहार बाल भवन किलकारी, बैडमिंटन का इंडोर हॉल, कबड्डी का लॉन टेनिस कोर्ट तथा टेबल टेनिस एवं कुश्ती का आयोजन खेल भवन में किया गया ।
पहले दिन एथलेटिक्स के विभिन्न इवेंट अंडर-14 बालिका वर्ग में नारायना इंटरनेशनल स्कूल की वैष्णवी कुमारी प्रथम,अंडर-17 बालिका वर्ग में उच्च माध्यमिक विद्यालय तरलाही की सूधा कुमारी तथा अंडर-19 बालिका वर्ग में प्लस टू उच्च विद्यालय पंचोभ की गुड़िया कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
गोला फेंक बालक वर्ग में अंडर-14 में महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान के प्रत्युष राज, अंडर-17 में इसी विद्यालय के नीतीश कुमार तथा अंडर-19 में प्लस टू देवनारायण उच्च विद्यालय पंचोभ के सनी कुमार प्रथम रहे।
चक्का फेंक के अंडर-14 बालिका वर्ग में डीएवी दरभंगा की शैलजा, अंडर-17 में महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान की प्रिया कुमारी तथा अंडर-19 में प्लस टू सीके उच्च विद्यालय, सिंहवाड़ा की अंबैया सुल्तान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वॉलीबॉल के अंडर-14 बालिका वर्ग में मध्य विद्यालय भालपट्टी, अंडर-17 में प्लस टू यूएचएस भालपट्टी तथा अंडर-19 में प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय भालपट्टी की टीम विजेता रही।
टेबल टेनिस के अंडर-14 बालिका वर्ग में दरभंगा पब्लिक स्कूल की साक्षी कुमारी विजेता एवं अन्य शांडिल उपविजेता रहीं। अंडर-14 बालक वर्ग में डीएवी पब्लिक स्कूल दरभंगा के भास्कर बानो ने प्रथम तथा इंग्लिश एकेडमी के दक्ष कुमार झा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कुश्ती के अंडर-17 वर्ग में उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, बिरौल अकबरपुर के मो.महताब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
विभिन्न खेल विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को जिला खेल पदाधिकारी ने मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया।
जिला खेल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार ने विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास के लिए प्रेरित किया।खिलाड़ियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई थी।
प्रतियोगिता स्थल पर डॉ. भारत भूषण समेत चिकित्सीय टीम एवं नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा। चोट अथवा किसी आकस्मिक स्थिति में खिलाड़ियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई थी।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में तकनीकी पदाधिकारियों आशीष कुमार, देवनंदन झा, राजन कुमार पासवान, निशांत कुमार, बृजेश सिंह राठौड़, राजेश कुमार, साकेत चौधरी एवं यशपाल ने अपने-अपने खेल विधा का सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संपादन किया।
मंच संचालन एवं विभिन्न खेल विधाओं के परिणामों के संधारण की जिम्मेदारी अवकाश प्राप्त शारीरिक शिक्षक श्री रविंद्र कुमार सिंह, यूएचएस अनुमंडल परिसर, बिरौल के शिक्षक केशव कुमार चौधरी, कुमार अनुराग, निशांत कुमार, राकेश कुमार, एकलव्य प्रशिक्षक अमित कुमार एवं वरिष्ठ खिलाड़ी बबलू कुमार द्वारा निभाई गई।
जिला खेल पदाधिकारी श्री चंदन कुमार ने सभी विद्यालयों के शारीरिक शिक्षकों, तकनीकी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं अभिभावकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयास से प्रतियोगिता को व्यवस्थित एवं भव्य रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग में हैंडबॉल, रग्बी, बास्केटबॉल, भारोत्तोलन, योग एवं खो-खो की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
समाचार लिखे जाने तक प्रतियोगिता के अन्य खेलों के मुकाबले जारी थे तथा विभिन्न विधाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे थे।


