करनाल जिला न्यूज वॉच मैगजीन प्रादेशिक राष्ट्रीय रोजगार हरियाणा

राजकीय कन्या महाविद्यालय बसताड़ा की एनएसएस इकाई द्वारा दिव्यांगजनों के लिए सहायता गतिविधि का आयोजन

राजकीय कन्या महाविद्यालय बसताड़ा की एनएसएस इकाई द्वारा दिव्यांगजनों के लिए सहायता गतिविधि का आयोजन

करनाल, 29 सितंबर। राजकीय कन्या महाविद्यालय बसताड़ा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आज सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत दिव्यांग जनों की सहायता के लिए एक विशेष गतिविधि का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जरनैल सहरावत के तथा, श्रीमती दीपा ढुल, वरिष्ठ प्राध्यापिका के मार्गदर्शन तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मीतू के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर स्वयंसेविकाओं द्वारा गांव बसताड़ा में जागरूकता रैली निकाली गई तथा दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकतानुसार दैनिक उपयोग की वस्तुएं वितरित की गईं। इस सहायता गतिविधि के अंतर्गत जरूरतमंद परिवारों को राशन, कपड़े तथा बच्चों को कॉपी, पेंसिल जैसी शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई, ताकि उन्हें अपनी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिल सके।

कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। स्वयंसेविकाएँ अपने स्तर पर भी जरूरतमंदों के लिए विभिन्न उपयोगी वस्तुएँ लेकर आईं और उन्हें वितरित किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देना था।

इस गतिविधि के माध्यम से स्वयंसेविकाओं ने समाज के जरूरतमंद एवं दिव्यांगजनों की सहायता करने तथा समाज में सेवा और मानवता का संदेश फैलाने का सराहनीय प्रयास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *