डेस्क: सेल्सफोर्स फिडे विश्व शतरंज चैंपियनशिप 2026 में लगातार दूसरी बाजी भी ड्रॉ रही। मौजूदा विश्व चैंपियन भारत के डी गुकेश ने सफेद मोहरों से लंदन सिस्टम आजमाया। लेकिन उज़्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव ने बेहद संयमित खेल दिखाया और उन्हें कोई बढ़त नहीं बनाने दी। बाजी सिर्फ 20 चालों में चालों की पुनरावृत्ति से ड्रॉ पर खत्म हुई। दो बाजियों के बाद मुकाबला 1-1 से बराबर है।
पहली बाजी में गुकेश ने काले मोहरों से बर्लिन डिफेंस खेली थी। इस बार उन्होंने वजीर के प्यादे को दो घर चलकर शुरुआत की और तीसरी चाल पर ऊंट को बाहर निकालते हुए लंदन सिस्टम का रास्ता चुना। विश्व चैंपियनशिप जैसे बड़े मंच पर यह ओपनिंग कम ही देखने को मिलती है। सातवीं चाल पर गुकेश ने घोड़ा बढ़ाया, तो सिंदारोव ने अपने वजीर को चलकर चौंकाया और घोड़ों की अदला-बदली कर ली।
20वीं चाल के आसपास गुकेश केंद्र से अपने प्यादे को आगे बढ़ने की योजना बना रहे थे पर सिंदारोव नें लगातार अपने घोड़े से गुकेश के ऊँट पर हमला करना कर दिया 17वीं से 20वीं चाल तक यही चालें दोहराई गईं। तीन बार एक जैसी स्थिति बनने पर बाजी ड्रॉ घोषित हो गई। गौरतलब है कि इस मैच में 40वीं चाल से पहले आपसी सहमति से ड्रॉ की अनुमति नहीं है, पर चालों की पुनरावृत्ति से ड्रॉ हो सकता है। बाजी खत्म होने के समय गुकेश की घड़ी में करीब 42 मिनट बचे थे, जबकि सिंदारोव के पास एक घंटे 21 मिनट बाकी थे।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुकेश ने लंदन सिस्टम का बचाव किया और इसे एक अच्छी ओपनिंग बताया। वहीं सिंदारोव ने कहा कि उन्होंने गुकेश से इस ओपनिंग की उम्मीद नहीं की थी।
तीसरी बाजी गुरुवार, 26 नवंबर को भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे खेली जाएगी, जिसमें सिंदारोव सफेद मोहरों से खेलेंगे। इसके बाद 27 नवंबर को मैच का पहला विश्राम दिवस होगा।



