स्थानीय

नशामुक्त बिहार अभियान के तहत स्कूली छात्र-छात्राओं ने निकाली प्रभात फेरी

 

समाहरणालय गेट संख्या-03 से शुरू होकर निर्धारित मार्ग से गुजरी प्रभात फेरी, विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज बनाने का दिया संदेश

नशामुक्ति दिवस पर समाहरणालय परिसर में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को किया गया जागरूक

 

 

 

दरभंगा, 26 नवम्बर 2026 :- नशामुक्त बिहार अभियान के तहत *नशामुक्ति दिवस* के अवसर पर गुरुवार को मद्यनिषेध विभाग एवं शिक्षा विभाग, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में प्रभात फेरी का आयोजन किया गया।

 

सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध श्री प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रभात फेरी में विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षक-शिक्षिकाओं, पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

उन्होंने कहा कि प्रभात फेरी का शुभारंभ प्रातः 08:00 बजे समाहरणालय के गेट संख्या-03 से हुआ। इसके बाद प्रभात फेरी आदर्श मध्य विद्यालय, नेहरू स्टेडियम, लोहिया चौक एवं लहेरियासराय टावर होते हुए पुनः समाहरणालय के गेट संख्या-03 पर पहुंचकर संपन्न हुई।

 

उन्होंने कहा कि इस दौरान विद्यार्थियों ने नशामुक्त बिहार एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया तथा आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

 

उन्होंने बताया कि प्रभात फेरी में बी.के.डी. उच्च विद्यालय (जिला स्कूल), +2 एम.एल. एकेडमी उच्च विद्यालय, एम.के.पी. विद्यापति उच्च विद्यालय, +2 रामनंदन मिश्र बालिका उच्च विद्यालय, आदर्श मध्य विद्यालय, वंशीदास कन्या मध्य विद्यालय एवं मध्य विद्यालय हैकॉक इंस्टीट्यूशनल सहित रोज पब्लिक स्कूल, माउंट समर कॉन्वेंट स्कूल एवं सिंड्रेला पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

 

उन्होंने कहा कि नशामुक्ति दिवस का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता एवं सकारात्मक सोच विकसित करना है। नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता आवश्यक है।

 

वहीं, नशामुक्ति दिवस के अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर संस्थान द्वारा समाहरणालय परिसर में नशामुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया।

 

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

 

कार्यक्रम के माध्यम से जिलेवासियों से अपील की गई कि वे नशामुक्त बिहार के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा स्वयं नशे से दूर रहते हुए दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *