खेल

भारत-पाकिस्तान क्रिकेट पर बोले नवजोत सिंह सिद्धू, ”सरकार दूरियां कम करेगी, तभी होंगे मैच”

डेस्क: भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज की बहाली को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि दोनों देशों के बीच क्रिकेट रिश्तों को दोबारा शुरू करना पूरी तरह राजनीतिक मामला है और इसका फैसला सरकार को ही करना है। सिद्धू के मुताबिक, जब सरकार दोनों देशों के बीच दूरियां कम करने का निर्णय लेगी, तभी क्रिकेट को कूटनीति के माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा।

‘फैसला लेने का अधिकार सरकार के पास है’
नवजोत सिंह सिद्धू इन दिनों डीपी वर्ल्ड ILT20 लीग में कमेंट्री कर रहे हैं। दुबई में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट संबंधों पर अपनी राय रखी। सिद्धू ने कहा, ‘राजनीतिक मामले राजनीतिक होते हैं। मेरा कहना है कि राजनीतिक स्तर पर जो भी फैसला लिया जाना है, वह सरकार ही लेगी।’
‘सरकार देश के लोगों के हित में फैसले लेती है’
सिद्धू ने आगे कहा कि सरकार जनता द्वारा चुनी गई है और उसे फैसले लेने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा, ‘सरकार जनता द्वारा चुनी गई है और उसे फैसले लेने का अधिकार दिया गया है। वह जो भी निर्णय ले रही है, वह देश के लोगों के हित में हैं।’ उन्होंने यह भी कहा कि अगर सरकार किसी खास वजह से भारत-पाकिस्तान के बीच मैच नहीं कराने का फैसला करती है तो उसके पीछे के कारणों की जानकारी गृह मंत्रालय को होती है।
‘दूरियां कम करने का फैसला करेगी सरकार, तभी होगी क्रिकेट की वापसी’
भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट संबंधों की बहाली पर सवाल पूछे जाने पर सिद्धू ने कहा, ‘जब सरकार यह फैसला करेगी कि इन दूरियों को कम करना है तो वह क्रिकेट को इसमें शामिल करने के लिए कहेगी। यही इसका तरीका है और मेरा जवाब भी यही है।’ उनके इस बयान से साफ है कि वह भारत-पाकिस्तान क्रिकेट सीरीज की बहाली को सरकार के राजनीतिक और कूटनीतिक फैसले से जोड़कर देखते हैं।
2012-13 के बाद नहीं हुई द्विपक्षीय सीरीज
भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज 2012-13 में खेली गई थी। इसके बाद से दोनों देशों के बीच कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं हुई है। हालांकि, दोनों देशों की पुरुष और महिला टीमें ICC और ACC के बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट में एक-दूसरे के खिलाफ खेलती रही हैं। ये मुकाबले तटस्थ स्थानों पर आयोजित किए जाते हैं।
पहलगाम हमले के बाद बदली भारत की खेल नीति
पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद पिछले साल भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव भी देखने को मिला था। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे। इसके बाद भारत सरकार ने खेल नीति में बदलाव करते हुए पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल संबंधों पर रोक लगा दी थी।
T20 क्रिकेट की लोकप्रियता पर भी बोले सिद्धू
टेस्ट और वनडे क्रिकेट के लिए घटती जगह को लेकर पूछे गए सवाल पर सिद्धू ने कहा कि क्रिकेट का स्वरूप काफी हद तक दर्शकों की मांग और बाजार पर निर्भर करता है। उनके मुताबिक, T20 क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ने का मतलब यह नहीं है कि वनडे क्रिकेट को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘लोग T20 क्रिकेट देखना चाहते हैं इसलिए यह प्रारूप खेला जा रहा है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि एकदिवसीय क्रिकेट की अनदेखी हो रही है। अगर आप 20 एकदिवसीय मैच खेल रहे हैं तो 25 T20 मैच भी खेल रहे हैं।’
‘जो प्रारूप बिकेगा, उसे प्राथमिकता मिलेगी’
सिद्धू ने क्रिकेट के व्यावसायिक पहलू पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रारूप की लोकप्रियता उसकी मांग और व्यावसायिक व्यवहार्यता पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा, ‘मूल रूप से यह मांग पर निर्भर करता है। जो प्रारूप बिकेगा और व्यावसायिक रूप से व्यावहारिक होगा, उसे हमेशा प्राथमिकता मिलेगी।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *