सरकारी विद्यालयों, तालाबों एवं सार्वजनिक प्रतिष्ठानों की भूमि का सीमांकन कर अतिक्रमण मुक्त कराने का सांसद ने दिया निर्देश
दरभंगा में आईआईटी, आईआईएम एवं निफ्ट जैसे उच्चतर शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना के लिए भूमि चिह्नित करें – डॉ. गोपाल जी ठाकुर
शहर के सभी पुराने ड्रेनेज सिस्टम को चिह्नित कर नाला निर्माण एवं जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
दरभंगा, 26 नवम्बर 2026:-समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में माननीय सांसद, दरभंगा डॉ. गोपाल जी ठाकुर की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की दो दिवसीय बैठक के दूसरे दिन की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के विकास कार्यों, केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। दूसरे दिन कुल 34 विभागों के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा आम नागरिकों को योजनाओं का लाभ ससमय उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में माननीय राज्यसभा सांसद श्रीमती धर्मशिला गुप्ता, माननीय विधायक जाले श्री जीवेश कुमार मिश्रा, माननीय विधायक केवटी श्री मुरारी मोहन झा, जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार, उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल सहित दिशा समिति के मनोनीत सदस्य,अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
*सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने एवं शैक्षणिक संस्थानों के लिए भूमि चिह्नित करने का निर्देश*
बैठक में माननीय सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने सभी सरकारी विद्यालयों, तालाबों एवं सार्वजनिक प्रतिष्ठानों की भूमि का अभिलेखों के आधार पर सीमांकन कराने तथा अतिक्रमित भूमि को शीघ्र अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सरकारी परिसंपत्तियों की सुरक्षा एवं उनका जनहित में समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने दरभंगा जिले में आईआईटी, आईआईएम तथा निफ्ट जैसे प्रतिष्ठित उच्चतर शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना की संभावनाओं को देखते हुए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया, ताकि जिले में उच्च शिक्षा के नए अवसर विकसित हो सकें।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान माननीय अध्यक्ष ने नेशनल विद्यालय की अतिक्रमित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया। उन्होंने जिले के सभी सरकारी विद्यालयों की भूमि चिह्नित कर उसका सीमांकन कराने को कहा।
माननीय विधायक जाले श्री जीवेश कुमार मिश्रा ने ब्रहपुर उच्च विद्यालय एवं अस्थुआ उच्च विद्यालय की जांच के लिए समिति गठित कर जांच कराने का निर्देश दिया।
माननीय अध्यक्ष ने कायाकल्प योजना के अंतर्गत विद्यालयों में भवन निर्माण, चाहरदीवारी, स्वीकृत एवं संचालित योजनाओं की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में खेल मैदान की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई की जाए तथा विद्यालयों में प्रबंध समिति का गठन किया जाए।
इसके अतिरिक्त जिले के पीएम श्री विद्यालयों की सूची तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में सड़क एवं पहुंच पथ की उपलब्धता से संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा।
नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा के दौरान माननीय सांसद ने बुडको के अभियंताओं को दरभंगा नगर निगम क्षेत्र में संचालित सभी योजनाओं का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने शहर के पुराने सभी नौ ड्रेनेज सिस्टम को चिह्नित कर उन्हें चालू कराने तथा नाला निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि शहर में जलनिकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए तथा निर्माणाधीन योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के क्रम में माननीय अध्यक्ष ने जिले में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों की नियमित जांच कराने का निर्देश दिया। उन्होंने भ्रूण हत्या पर रोक लगाने के उद्देश्य से अवैध नर्सिंग होम एवं निजी क्लीनिकों के विरुद्ध लगातार जांच अभियान चलाने तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस श्रीमती चांदनी सिंह ने जानकारी दी कि जिले में 256 आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है तथा केंद्रों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। माननीय अध्यक्ष ने इसकी सूची सभी माननीय जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
माननीय विधायक जाले ने आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं से युक्त मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया।
खनन विभाग की समीक्षा के दौरान जिला खनन पदाधिकारी को अवैध रूप से मिट्टी कटाई करने वालों के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
उद्योग विभाग की समीक्षा के दौरान महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र को विभागीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सेमिनार आयोजित करने तथा अधिक से अधिक युवाओं को उद्योग एवं स्वरोजगार से जोड़ने का निर्देश दिया गया।
खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि दरभंगा के सारा मोहनपुर में खादी मॉल का निर्माण कराया जा रहा है। माननीय सांसद ने निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रखंड एवं अनुमंडल मुख्यालय तथा शहरी क्षेत्रों में खादी ग्रामोद्योग की उपलब्ध भूमि पर खादी मॉल निर्माण की संभावनाओं का प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजा जाए।
श्रम एवं रोजगार विभाग की समीक्षा के क्रम में श्रम अधीक्षक को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में वीबी-जी राम जी योजना एवं अमृत सरोवर योजना की भी समीक्षा की गई तथा योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।
लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के अंतर्गत पुराने सामुदायिक शौचालयों का सर्वेक्षण कर उन्हें पुनः चालू कराने तथा लंबित भुगतान का निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी को जलमीनारों की नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा गया।
आरसेटी के माध्यम से दिए जा रहे प्रशिक्षण की समीक्षा करते हुए प्रशिक्षण से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन एवं जिले में प्रशिक्षित लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा गया।
जल संसाधन विभाग की समीक्षा के दौरान बागमती नदी को खिरोई नदी से जोड़ने के लिए नहर निर्माण का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। माननीय अध्यक्ष ने जल संसाधन विभाग के अभियंताओं को नदियों की उड़ाही कराने तथा जल प्रवाह को बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान माननीय अध्यक्ष ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत को मखाना की खेती करने वाले किसानों के लिए किसान फीडर के माध्यम से निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा किसानों को अधिकाधिक लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 38 पशु चिकित्सक उपलब्ध हैं तथा पशुओं के उपचार के लिए 38 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं।
समीक्षा के क्रम में जानकारी दी गई कि कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड में पशु चिकित्सक उपलब्ध नहीं हैं।
इस पर माननीय अध्यक्ष ने कुशेश्वरस्थान पूर्वी में पशु चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
खेल विभाग की समीक्षा के दौरान माननीय अध्यक्ष ने जिला खेल पदाधिकारी को दरभंगा जिले में खेलो इंडिया के तहत स्टेडियम निर्माण से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने दरभंगा जिले में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल मैदान के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा।
मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान सिंहवाड़ा प्रखंड में मछली हाट निर्माण का सुझाव दिया गया, ताकि मत्स्य उत्पादकों एवं व्यापारियों को बेहतर विपणन सुविधा मिल सके।
*दरभंगा तारामंडल में 61 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी स्पेस गैलरी*
बैठक के दौरान माननीय सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने जानकारी दी कि दरभंगा तारामंडल परिसर में लगभग 61 करोड़ रुपये की लागत से स्पेस गैलरी का निर्माण किया जाएगा। इससे जिले में विज्ञान एवं अंतरिक्ष संबंधी जानकारी के प्रसार के साथ विद्यार्थियों और युवाओं को आधुनिक वैज्ञानिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास एवं शहरी विकास, खनन, उद्योग, श्रम एवं रोजगार, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, खादी एवं ग्रामोद्योग, जल संसाधन, ऊर्जा, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, अल्पसंख्यक कल्याण, सहकारिता, पशुपालन एवं डेयरी, मत्स्य, आईटी पार्क सहित कुल 34 विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
माननीय अध्यक्ष ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बैठक में उठाए गए जनहित के मुद्दों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से कार्रवाई करें। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने तथा विभागीय समन्वय के साथ जिले के समग्र विकास को गति देने पर बल दिया।
बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।



