मनोरंजन

‘ईठा’ के लिए लक्ष्मण उतेकर ने खंगाली तमाशा की विरासत, श्रद्धा कपूर की फिल्म में दिखेगी महाराष्ट्र की अनदेखी कहानी

डेस्क: बॉलीवुड में अब तक कई कहानियां बड़े पर्दे पर दिखाई गई हैं, लेकिन महाराष्ट्र की पारंपरिक तमाशा संस्कृति की दुनिया सिनेमा में बहुत कम देखने को मिली है। अब डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ईठा’ के जरिए इस अनदेखी सांस्कृतिक विरासत को दर्शकों के सामने लाने जा रहे हैं। फिल्म में श्रद्धा कपूर मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। मेकर्स ने इस कहानी को पर्दे पर वास्तविक रूप देने के लिए गहरी रिसर्च की है।

एक मराठी किताब से मिली कहानी की प्रेरणा
‘ईठा’ के आइडिया के पीछे की कहानी साझा करते हुए लक्ष्मण उतेकर ने बताया कि उन्हें मराठी किताब ‘तमाशा: विठाबाईच्या आयुष्याचा’ के एक किरदार से प्रेरणा मिली थी। उन्होंने इस किताब को फिल्म ‘छावा’ की शूटिंग के दौरान पढ़ा था। हालांकि, फिल्म किताब पर आधारित नहीं है, बल्कि इसके एक किरदार से प्रेरित है। डायरेक्टर ने बताया कि उन्होंने विठाबाई की जिंदगी से जुड़े सिर्फ दो घटनाक्रम फिल्म में लिए हैं।
तमाशा कलाकारों की जिंदगी को करीब से समझा
फिल्म के लिए मेकर्स ने महाराष्ट्र की तमाशा परंपरा, उसकी कला, रीति-रिवाजों और कलाकारों की जिंदगी को समझने में काफी समय बिताया है। ‘ईठा’ सिर्फ तमाशा के मंच पर होने वाले प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इस कला की जड़ों और इससे जुड़े लोगों के संघर्ष, जीवनशैली और सांस्कृतिक पहचान को भी सामने लाएगी। फिल्म के जरिए दर्शकों को महाराष्ट्र की उस दुनिया की झलक मिलेगी, जो अब तक मुख्यधारा के सिनेमा से काफी हद तक दूर रही है।
1943 से 1980 तक का सफर दिखाएगी फिल्म
‘ईठा’ की कहानी साल 1943 से 1980 के बीच की है। करीब चार दशकों में फैली यह कहानी उस दौर के सामाजिक और सांस्कृतिक बदलावों को भी दर्शाएगी। तमाशा की परंपरा और उससे जुड़े कलाकारों की जिंदगी के जरिए फिल्म महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत को एक नए नजरिए से पेश करने की कोशिश करेगी।
श्रद्धा कपूर और लक्ष्मण उतेकर की नई पेशकश
फिल्म में श्रद्धा कपूर लीड रोल में नजर आएंगी। ‘स्त्री’ की सफलता के बाद एक्ट्रेस इस फिल्म के साथ बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। वहीं, ‘छावा’ की शानदार सफलता के बाद लक्ष्मण उतेकर इस बार ऐतिहासिक कहानी से अलग एक सांस्कृतिक विषय लेकर आ रहे हैं। दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा के प्रोडक्शन में बनी ‘ईठा’ को मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स के बैनर तले प्रस्तुत किया जा रहा है। फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *