राष्ट्रीय

रोटी पर थूक लगाकर बनाने का Video Viral, रेस्टोरेंट का लाइसेंस सस्पेंड, खाद्य कारोबारियों में मचा हड़कंप

डेस्क: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में एक रेस्टोरेंट में रोटी पर थूक लगाकर बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया है।

जिलाधिकारी प्रणय सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने सोमवार रात लखनवी जायका चिकन शॉप का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमवीर सिंह और प्रतिमा त्रिपाठी ने प्रतिष्ठान पहुंचकर जांच-पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की व्यवस्था में भारी कमी समेत कई अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे रोटी बनाने वाले युवक के संबंध में जानकारी मांगी तो प्रतिष्ठान के संचालक ने बताया कि उसे काम से हटा दिया गया है।

जांच के लिए भेजे जाएंगे सैंपल
जांच में प्रतिष्ठान में पानी की गुणवत्ता का परीक्षण नहीं कराने, कर्मचारियों का चिकित्सकीय परीक्षण नहीं होने और पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था नहीं मिलने जैसी कमियां पाई गईं। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत निर्धारित शेड्यूल-4 के प्रावधानों का भी पालन नहीं किया जा रहा था। विभाग ने इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया। साथ ही सुधार नोटिस जारी कर कमियां दूर होने तक प्रतिष्ठान बंद कराने की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए अधिकारियों ने प्रतिष्ठान से बिरयानी के चावल और चिकन की ग्रेवी के नमूने भी संग्रहित किए हैं। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कारोबारियों में मचा हड़कंप
खाद्य विभाग की कार्रवाई से जिले के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों के पालन में लापरवाही बरतने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कारर्वाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *