मनोरंजन

रश्मिका मंदाना ने महिलाओं के हक में उठाई आवाज, बताया क्यों जरूरी है सशक्तिकरण

डेस्क: बॉलीवुड एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) इन दिनों महिला सशक्तिकरण को लेकर दिए अपने बयान की वजह से चर्चा में हैं। हाल ही में वह पुट्टपर्थी के प्रशांति निलयम स्थित साई कुलवंत हॉल में भगवान श्री सत्य साईं बाबा की 101वीं जयंती के अवसर पर आयोजित महिला दिवस समारोह में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के अधिकारों, उनके सामने आने वाली चुनौतियों और देश के विकास में उनकी भूमिका पर खुलकर अपनी बात रखी।

अपने सपनों के लिए बार-बार साबित करनी पड़ती है काबिलियत
रश्मिका ने कहा कि आज की महिलाएं बड़े सपने देख रही हैं और अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं, लेकिन उन्हें अपने फैसलों और सपनों को लेकर बार-बार खुद को सही साबित करना पड़ता है। अपने अनुभव साझा करते हुए अभिनेत्री ने कहा, “मैं उस पीढ़ी की महिलाओं में से हूं, जिन्हें बड़े सपने देखने के लिए कहा जाता है, बहुत बड़े सपने देखने के लिए। लेकिन साथ ही हमें अपने सपनों को समझाना पड़ता है, अपने फैसलों को सही साबित करना पड़ता है और बार-बार यह साबित करना पड़ता है कि हम जिस मौके के हकदार हैं, वह हमें मिलना चाहिए।”
आलोचनाओं के बावजूद आगे बढ़ने का दिया संदेश
अभिनेत्री ने अपने संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि वह जानती हैं कि अपनी लड़ाइयां खुद लड़ने और लोगों की आलोचनाओं का सामना करने का क्या मतलब होता है। कई बार आगे का रास्ता साफ नहीं होता, लेकिन इसके बावजूद आगे बढ़ते रहना जरूरी है। उन्होंने भारतीय महिलाओं की उपलब्धियों की तारीफ करते हुए कहा कि महिलाएं अब उन क्षेत्रों में भी अपनी जगह बना रही हैं, जिन्हें कभी उनके लिए मुश्किल या नामुमकिन माना जाता था।
हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं महिलाएं
रश्मिका ने कहा कि आज भारतीय महिलाएं बिजनेस, सेना, विज्ञान, तकनीक, राजनीति और प्रशासन जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा वे उद्यमी, खिलाड़ी, अभिनेत्री, कलाकार और नेतृत्वकर्ता के रूप में भी अपनी क्षमता साबित कर रही हैं। उनके मुताबिक, महिलाएं पुरानी बाधाओं को तोड़कर आने वाली पीढ़ियों के लिए नए रास्ते तैयार कर रही हैं।
‘महिला सशक्तिकरण देश के विकास का जरूरी हिस्सा’
महिलाओं की तरक्की को देश के विकास से जोड़ते हुए रश्मिका ने कहा, “महिला सशक्तिकरण सिर्फ एक अलग सामाजिक उद्देश्य नहीं है, बल्कि देश के विकास का एक जरूरी हिस्सा है।” उन्होंने भगवान श्री सत्य साईं बाबा की शिक्षाओं का जिक्र करते हुए बताया कि महिलाओं की भूमिका सिर्फ परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि वे समाज और देश के भविष्य को भी आकार देती हैं। अभिनेत्री ने कहा कि जो महिला एक बच्चे को शिक्षित करती है, वह देश के भविष्य में योगदान देती है। ईमानदारी और अनुशासन को बढ़ावा देने वाली महिला अच्छे नागरिकों के निर्माण में मदद करती है। वहीं, गरीबों की सेवा करने वाली महिला समाज में सद्भाव लाती है और ईमानदारी से नेतृत्व करने वाली महिला अच्छे शासन में योगदान देती है। शांति को बढ़ावा देने वाली महिलाएं देश की एकता को मजबूत करती हैं। रश्मिका ने अपने संबोधन के जरिए संदेश दिया कि महिला सशक्तिकरण का मतलब सिर्फ महिलाओं को अवसर देना नहीं, बल्कि उनकी क्षमता और योगदान को पहचानना भी है। ऐसा समाज बनाना जरूरी है, जहां महिलाएं बिना किसी डर के अपने सपने देख सकें, अपने फैसले खुद ले सकें और बार-बार अपनी काबिलियत साबित किए बिना आगे बढ़ सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *