बिहार

”पैर छू रहे… छोड़ दीजिए”: समस्तीपुर में स्कूटी सवार युवक-युवती से अभद्रता, 24 घंटे में दूसरा VIDEO वायरल होने से मचा हड़कंप

डेस्क: बिहार के समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत लाटबसेपुरा गांव से एक शर्मसार कर देने वाली घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में स्कूटी से जा रहे बालिग युवक-युवती को रोककर कुछ ग्रामीण उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट करते नजर आ रहे हैं।

“बहन से कैसे शादी होगी?” — मिन्नतें करती रही लड़की
करीब 2 मिनट 18 सेकेंड के इस वीडियो में पीड़ित लड़की रोते-बिलखते हुए ग्रामीणों से “पैर छू रहे हैं… छोड़ दीजिए” कहकर छोड़ने की गुहार लगाती दिख रही है। इस दौरान जब गांव के कुछ लोगों ने दोनों की जबरन शादी कराने की बात कही, तो युवक ने कहा कि “बहन से कैसे शादी होगी?”। वीडियो में दोनों डरे-सहमे नजर आ रहे हैं।

एसपी ने दिए जांच और सख्त कार्रवाई के आदेश
हालांकि, इस संबंध में अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने वीडियो का संज्ञान ले लिया है। वीडियो की सत्यता और तारीख की जांच कराई जा रही है तथा जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

24 घंटे में सामने आया दूसरा मामला
उल्लेखनीय है कि समस्तीपुर से ही बीते बुधवार को भी एक ऐसा ही वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। अब इस दूसरे मामले के सामने आने के बाद पुलिस पूरी घटना की गहनता से पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *