दरभंगा

जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में विकासात्मक योजनाओं,जन शिकायतों एवं विभागीय कार्यों की हुई विस्तृत समीक्षा

 

डीडीसी ने लंबित मामलों का समय-सीमा के भीतर निष्पादन करने का दिया निर्देश

छठ घाटों की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर दिया विशेष जोर

 

 

दरभंगा, 09 नवम्बर 2026 :- समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आज उप विकास आयुक्त, दरभंगा श्री स्वप्निल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं, विभागीय कार्यों की प्रगति, जन शिकायतों, न्यायालय संबंधी मामलों तथा विभिन्न पोर्टलों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की गई।

 

बैठक की शुरुआत में उप विकास आयुक्त ने विभागवार समीक्षा करते हुए सीडब्ल्यूजेसी/एमजेसी (CWJC/MJC), मानवाधिकार, लोकायुक्त, लोक शिकायत निवारण, सीपीग्राम (CPGRAMS), ई-कंप्लायंस डैशबोर्ड तथा राजस्व जन शिकायत सहित विभिन्न मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

 

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि विभिन्न पोर्टलों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के निष्पादन की नियमित रूप से निगरानी की जाए। शिकायतों के निपटारे में किसी प्रकार की शिथिलता या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने विभाग से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर उनका निष्पादन सुनिश्चित करें।

 

बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए संबंधित अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर निर्माण के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है, वहां एक से दो दिनों के अंदर निर्माण कार्य प्रारंभ कराना सुनिश्चित करें।

 

उन्होंने कहा कि भूमि उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य समय पर पूर्ण हो सके।

 

आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित छठ घाटों की साफ-सफाई की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

 

उन्होंने निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों एवं तालाबों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। जिन पोखरों में अभी तक जलकुंभी नहीं हटाई गई है, वहां अविलंब जलकुंभी हटाने की कार्रवाई पूरी की जाए।

 

उन्होंने विशेष रूप से खतरनाक छठ घाटों, तालाबों एवं नदियों में आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को घाटों पर सुरक्षा एवं स्वच्छता से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं ससमय पूर्ण करने को कहा।

 

बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री सलीम अख्तर ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र के छठ घाटों पर गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति के लिए आवश्यक प्रतिवेदन अविलंब उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते गोताखोरों एवं अन्य आवश्यक कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जा सके।

 

उन्होंने कहा कि छठ घाटों पर आपदा मित्र निर्धारित ड्रेस कोड में तैनात रहेंगे। इसके अतिरिक्त आवश्यकता एवं संवेदनशीलता के अनुरूप एसडीआरएफ (SDRF) की भी प्रतिनियुक्ति की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा से जुड़ी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने का निर्देश दिया।

 

बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री सलीम अख्तर, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार,वरीय उप समाहर्ता श्रीमती प्रियंका कुमारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

वहीं, जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *