डेस्क: बिहार में सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल लूट का विरोध करने के दौरान गोली लगने से घायल युवक की इलाज के दौरान पटना में मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि माधोपुर गांव निवासी विकास (21) की मोटरसाइकिल गत दो अगस्त की देर रात अपराधी घर के बरामदे से लूटकर भाग रहे थे। विकास ने एक अपराधी को पकड़ लिया। उसे छुड़ाने के लिए भाग रहे अपराधियों ने गोली चला दी, जिससे विकास घायल हो गया। उसका पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। गुरुवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।


