हरियाणा

हांसी में मामूली विवाद के दौरान युवक की बेरहमी से हत्या, सिर व शरीर पर गहरी चोटों के निशान; फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

डेस्क: हरियाणा के हांसी जिले के गांव धर्म खेड़ी में बुधवार को खेत में बने कमरे की छत पर 23 वर्षीय दीपक की हत्या से सनसनी फैल गई। दीपक का शव लहूलुहान हालत में छत पर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही बास थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से कांच की बोतलें, गिलास समेत अन्य साक्ष्य जुटाए और फिंगरप्रिंट भी लिए।

परिजनों के अनुसार दीपक ने करीब सात एकड़ जमीन ठेके पर ले रखी थी और खेती करता था। मंगलवार रात वह खेत में बने कमरे की छत पर गांव भरण महल निवासी प्रिंस समेत कुछ युवकों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान दीपक पर हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे पड़ोसी ने खेत में दीपक की बाइक खड़ी देखी। आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं मिला तो वह छत पर पहुंचा, जहां दीपक खून से लथपथ मृत पड़ा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर छत पर कई शराब की बोतलें और गिलास मिले हैं। इससे पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले वहां कई युवक शराब पी रहे थे। दीपक के सिर, कमर और पीठ पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। छत पर जगह-जगह खून और कांच बिखरा मिला। फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य सुरक्षित किए हैं।
परिजनों के मुताबिक दीपक की प्रिंस से दोस्ती बॉक्सिंग की कोचिंग के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच लगातार आना-जाना था। दीपक तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई और बहन शादीशुदा हैं। पिता होशियार सिंह भी खेती करते हैं।
बास थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि परिवार के बयानों के आधार पर आरोपी प्रिंस समेत अन्य युवकों की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए हांसी के सामान्य अस्पताल में रखवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *