सिमरी थाना क्षेत्र के कंसी पुल के निकट पीछा कर पकड़ी गई शराब लदी कार; 05 लाख 18 हजार रुपये से अधिक मूल्य की शराब एवं दो नंबर प्लेट जब्त
परिवार बनकर शराब तस्करी के कारोबार में संलिप्त थे गिरफ्तार सभी आरोपी, तस्करी में प्रयुक्त कार भी जब्त
दरभंगा, 07 नवंबर 2026 :- आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं सेवन के विरुद्ध जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार के निर्देशानुसार मद्यनिषेध विभाग द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सघन छापेमारी एवं विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा इस अवैध धंधे में संलिप्त कारोबारियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विभागीय टीम पूरी सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर मद्यनिषेध पुलिस टीम ने सिमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कंसी पुल के निकट पीछा कर एक संदिग्ध कार (BR-21AH-3935) को पकड़ा। वाहन की तलाशी के दौरान कार से कुल *432 लीटर अवैध विदेशी शराब*, जिसकी अनुमानित कीमत 05 लाख 18 हजार रुपये से अधिक बताई गई है, बरामद की गई। इसके अतिरिक्त वाहन से हरियाणा राज्य की एक अन्य नंबर प्लेट (HR-55BA-4278) भी जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान शराब तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त करते हुए हरियाणा के चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
इस संबंध में सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध श्री प्रदीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार सभी व्यक्ति कथित तौर पर परिवार के सदस्य बनकर शराब तस्करी के अवैध कारोबार में संलिप्त थे।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार वाहन चालक रोहित हरियाणा के रोहतक जिले का निवासी है, जबकि टीकाराम, सुमित एवं आशा (महिला) हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले हैं।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों तथा अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध किसी भी परिस्थिति में नरमी नहीं बरती जाएगी। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था एवं शराबबंदी कानून का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए निगरानी, छापेमारी एवं जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
*जिला प्रशासन, दरभंगा आम नागरिकों से अपील करता है कि अवैध शराब के कारोबार अथवा इससे संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन या मद्यनिषेध विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


