घाटों की साफ-सफाई, रंग-रोगन, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

दरभंगा 07 नवंबर 2026:- आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा तथा स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा आज जिले के विभिन्न छठ घाटों एवं तालाबों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने केएम पोखर, मिर्जा खाँ तालाब, म्यूजियम घाट, दिग्घी तालाब एवं हराही पोखर सहित विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को छठ महापर्व से पूर्व सभी घाटों पर आवश्यक तैयारियां ससमय पूर्ण करने तथा श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने घाटों के आसपास जमा कचरा एवं मलवा को तत्काल हटाकर व्यापक साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं, इसलिए घाटों एवं उनके पहुंच पथों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, सभी घाटों पर दिवाली से पूर्व रंग-रोगन कराने का निर्देश दिया, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण उपलब्ध हो सके।
हराही पोखर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पोखर के समीप स्थित गड्ढों को मिट्टी से भरकर समतलीकरण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि घाटों के आसपास कहीं भी गड्ढे अथवा असमतल जमीन नहीं रहनी चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी या दुर्घटना की आशंका न हो।
सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से जिलाधिकारी ने सभी गहरे छठ घाटों को चिह्नित करते हुए वहां लाल झंडा लगाने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को जल की गहराई के संबंध में पहले से जानकारी मिल सके और वे सावधानी बरत सकें।
उन्होंने घाटों पर सुरक्षा संबंधी आवश्यक संकेतक एवं चेतावनी चिह्न लगाने पर भी विशेष जोर दिया।
इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख छठ घाटों पर महिलाओं के लिए कपड़े बदलने हेतु पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम बनवाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, गरिमा एवं सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करें।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ घाटों पर साफ-सफाई, पहुंच पथ, समतलीकरण, रंग-रोगन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए, ताकि छठ महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।
निरीक्षण के अवसर पर माननीय महापौर श्रीमती अंजुम आरा, उप महापौर श्रीमती नाजिया हसन, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी जलरड्डी, नगर आयुक्त श्रीमती गरिमा लोहिया, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री कुमार गौरव सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


