डेस्क: पानीपत में NFL नाके के नजदीक कार से 3 लाख 80 हजार रुपये चोरी करने की वारदात का CIA-2 की टीम ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि बदमाशों ने चोरी के लिए बाकायदा एक प्लान तैयार किया था। आरोपियों ने पहले टेम्पो से कार मालिक की कार को टक्कर मारी। टक्कर के बाद टेम्पो से नीचे उतरकर बदमाशों ने कार चालक से बहस शुरू कर दी और उसे बातों में उलझा लिया।
इसी दौरान गिरोह के बाकी सदस्य मौके का फायदा उठाकर कार के पीछे पहुंच गए। जब कार चालक टक्कर और विवाद में उलझा हुआ था, उसी वक्त दूसरे बदमाशों ने चुपके से कार में रखे 3 लाख 80 हजार रुपये चोरी कर लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। CIA-2 की टीम ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए सुराग जुटाए और आखिरकार गिरोह के मास्टरमाइंड समेत वारदात में शामिल आरोपियों को काबू कर लिया।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह ने इससे पहले टक्कर मारकर लोगों को उलझाने और फिर चोरी करने की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। यानी कुछ मिनट की बहस और टक्कर के बहाने बदमाशों ने ऐसा जाल बिछाया कि कार चालक को भनक तक नहीं लगी और पीछे से लाखों रुपये पर हाथ साफ कर दिया। लेकिन CIA-2 की जांच ने इस पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।


