गाजियाबाद । शहर के प्रवेश द्वार को धार्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप देने की दिशा में नगर निगम ने महत्वपूर्ण पहल की है। दिल्ली-गाजियाबाद मार्ग पर स्थित एलिवेटेड फ्लाईओवर, जिसे ‘श्री राम सेतु’ के नाम से विकसित किया जा रहा है, वहां भगवान श्रीराम की लगभग 22 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
बुधवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता न करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।
नगर निगम के अनुसार, दिल्ली से गाजियाबाद आने वाले मार्ग पर पहले ही श्री राम सेतु द्वार बनाया जा चुका है। अब दिल्ली की ओर जाने वाले मार्ग पर भगवान श्रीराम की विशाल प्रतिमा स्थापित कर पूरे क्षेत्र को आकर्षक और सांस्कृतिक पहचान देने की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि प्रतिमा के चारों ओर आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि रात्रि के समय इसका भव्य स्वरूप दूर से दिखाई दे। साथ ही प्रतिमा की पेंटिंग और फिनिशिंग का कार्य विशेष सावधानी के साथ कराया जा रहा है।
नगर निगम का मानना है कि यह परियोजना केवल शहर के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गाजियाबाद की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को भी नई मजबूती प्रदान करेगी। परियोजना पूरी होने के बाद श्री राम सेतु शहर में आने-जाने वाले लोगों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है।
आशुतोष झा

