दरभंगा

दरभंगा : सरकार के नशामुक्ति अभियान को नशेड़ी दे रहे चुनौती, विरोध करने पर जानलेवा हमला!

दरभंगा : जहां केंद्र और राज्य सरकार नशामुक्ति के लिए अभियान चला रही है, वहीं सामान्य लोग यदि नशेड़ियों को नशा के सामानों को बेचने और इस्तेमाल करने के लिए रोकते हैं, तो इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ता है। इतना ही नहीं पुलिस द्वारा भी उन्हें उचित संरक्षण नहीं मिल पाता।

दरअसल यह घटना दरभंगा के मोहल्ला जुरावन सिंह, गणेश मंदिर के निकट की है। जहां सड़क के किनारे नाला का अतिक्रमण कर चाय की दुकान चलायी जा रही है और वह नशेड़ियों का एक अड्डा बन गया। शहर के दूसरे इलाकों के नशेड़ी इस स्थान पर इकट्ठा होने लगे और यहां से अनेक प्रकार की आपराधिक गतिविधियों के संचालन होने की भी सूचना है। स्थानीय विजय कुमार ने जब इस संबंध में दुकानदार महावीर कांस्यकार को मना किया, तो उन पर हमला कर दिया गया। हमला इतना जानलेवा था कि वह बेहोश हो गये। खून से लथपथ हालत में उन्हें डीएमसीएच में भर्ती कराया गया। बताया जाता है कि अस्पताल में उनके सिर में 9 टांके लगे। पैर में भी चोट आई है और वह तीन दिनों बाद अस्पताल से घर लौटे हैं। बेता थाना में विजय कुमार ने फर्देबयान देकर मामला दर्ज कराया और नगर थाना में मुकदमा संख्या 163/26, दिनांक 1-08-26 दर्ज कराया गया है। जिसमें 115 (2)/ 126 (2)/ 303 (2)/ 109/118 (1)/351 (2)/ 352/3 (5) धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

नशेड़ियों से उलझना पड़ा महंगा

स्थानीय लोगों के अनुसार दुकानदार का पक्ष लेकर कुछ दबंग किस्म के लोग दुकान के पास पहुंचे, जिसको स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया और एक व्यक्ति को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया, लेकिन अभी भी दुकानदार और उसके साथ मारपीट करने वाले चार-पांच लोग पुलिस के पकड़ से बाहर हैं।

ऐसे में सवाल उठता है कि नशामुक्ति अभियान चलाने का अभिप्राय क्या है? क्योंकि इस अभियान में यदि कोई सामान्य व्यक्ति शामिल होता है, तो उसके साथ दुर्घटना होने के बाद यदि प्रशासनिक संरक्षण उसे नहीं मिले, तो असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ना स्वाभाविक है। आये दिन शहर में सूखा नशा करने वाले नशेड़ियों द्वारा मारपीट की घटनाओं को अंजाम दिया जाता है, जो मामला पुलिस तक भी नहीं पहुंचता। ऐसे में जरूरत है कि सरकार के नशामुक्ति अभियान को यदि कारगर बनाना है, तो प्रशासनिक संरक्षण जागरूक लोगों को मिलना चाहिए।

 

कानूनी कार्रवाई की मांग

इसी बीच मोहल्ला जुरावन सिंह, गणेश मंदिर, दरभंगा के लोगों ने डीआईजी, एसएसपी, नगर थाना प्रभारी सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों को सामूहिक पत्र लिखकर घटना के संबंध में सूचित करते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पत्र में स्थानीय लोगों ने इस बात का भी उल्लेख किया है कि मोहल्ला जुरावन सिंह स्थित देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद बालिका उच्च विद्यालय 12वीं कक्षा में पढ़ रही छात्राएं जब इस दुकान होकर गुजरती हैं, तब उन पर नशेड़ी गिरोह के सदस्य फब्तियां कसते हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों को प्रशासनिक पहल का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *