अर्थ

WhatsApp का बड़ा एक्शन: भारत में कई अकाउंट्स 24 घंटे के लिए रिव्यू में ब्लॉक, जानिए क्या है मामला

डेस्क: सोमवार को WhatsApp ने भारत सहित कई देशों के यूजर्स के अकाउंट्स को 24 घंटे तक के लिए रिव्यू में डाल दिया। इस दौरान प्रभावित यूजर्स कुछ समय के लिए App की सभी सुविधाओं का इस्तेमाल नहीं कर सके। बिना किसी पूर्व सूचना के अकाउंट्स का एक्सेस बंद होने से कई यूजर्स परेशान हो गए और उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी चिंता और नाराजगी जाहिर की। इस मामले पर WhatsApp के एक प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी अपने प्लेटफ़ॉर्म के दुरुपयोग को रोकने के लिए लगातार कदम उठाती है और उन अकाउंट्स पर कार्रवाई करती है जो उसकी नीतियों का उल्लंघन करते हैं या ऐसा करने की आशंका होती है।
WhatsApp का बयान
प्रवक्ता ने कहा, ‘हम लगातार उन लोगों से आगे रहने की कोशिश करते हैं जो हमारी सेवा का गलत इस्तेमाल करना चाहते हैं। अन्य यूज़र्स की सुरक्षा के लिए हम ऐसे अकाउंट्स पर कार्रवाई करते हैं। हालांकि, कभी-कभी हमसे भी गलती हो जाती है। यदि ऐसा होता है, तो हम उसे जल्द से जल्द ठीक करने का प्रयास करते हैं ताकि यूजर्स दोबारा अपनी चैटिंग जारी रख सकें।’
भारतीय समयानुसार यह समस्या सोमवार रात करीब 8 बजे सामने आई, जब कई यूज़र्स ने बताया कि उनके अकाउंट्स को रिव्यू के लिए चिन्हित कर दिया गया है। ऐप पर दिखाई दे रहे संदेश में कहा गया कि WhatsApp अपनी सेवा की शर्तों के अनुपालन की पुष्टि करने के लिए अकाउंट की गतिविधियों और डिवाइस से जुड़ी जानकारी की समीक्षा कर रहा है। साथ ही यह भी बताया गया कि आमतौर पर इस प्रक्रिया का परिणाम 24 घंटे के भीतर मिल जाता है। रिव्यू स्क्रीन पर यूज़र्स को WhatsApp के ज़िम्मेदार उपयोग से जुड़ी जानकारी दी गई। इसके अलावा चोरी हुए फ़ोन और कॉम्प्रोमाइज़्ड अकाउंट्स से संबंधित सुरक्षा सुझाव भी साझा किए गए।
अचानक लगी पाबंदियों से यूज़र्स नाराज़
अचानक लगे प्रतिबंधों के बाद कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी व्यक्त की। एक यूजर ने दावा किया कि अपील करने के बावजूद बिना किसी स्पष्ट कारण के उसका अकाउंट डिसेबल कर दिया गया।
वहीं, एक अन्य यूज़र ने कहा कि वह केवल आधिकारिक WhatsApp ऐप का इस्तेमाल कर रहा था, इसके बावजूद बिना किसी चेतावनी के उसका अकाउंट सस्पेंड कर दिया गया। उसने यह भी कहा कि यह मैसेजिंग सेवा उसके काम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। एक X यूज़र ने लिखा, ‘WhatsApp ने सोमवार शाम अचानक कई अकाउंट्स को 24 घंटे के लिए रिव्यू में डाल दिया। इसके चलते प्रभावित यूज़र्स इस अवधि के दौरान ऐप के कई फीचर्स का इस्तेमाल नहीं कर सके।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *