राष्ट्रीय

साहिब घर किराए पर चाहिए… कहकर मकान में घुसा बदमाश, फिर बुजुर्ग पर मिर्च पाउडर फेंककर लूटे 13.75 लाख

डेस्क: केरल के अलाप्पुझा से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शातिर बदमाश ने घर किराए पर लेने के बहाने एक 75 वर्षीय बुजुर्ग को अपनी ठगी का शिकार बनाया। आरोपी ने मकान मालिक के चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंका, गला दबाया और फिर करीब 13.75 लाख रुपये के सोने के जेवर व नकदी लेकर चंपत हो गया। हालांकि, अलाप्पुझा साउथ पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक फोन नंबर के जरिए आरोपी को कुछ ही घंटों में ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक संदिग्ध की पहचान राजमोहन के तौर पर हुई है। यह मामला पीड़ित सुदर्शनन के.आर. की शिकायत पर दर्ज किया गया। चोरी हुए सामान में 12 सॉवरेन सोने के गहने और 5,000 रुपये नकद शामिल थे जिनकी कुल कीमत लगभग 13.75 लाख रुपये आंकी गई है। FIR के अनुसार यह घटना दोपहर करीब 1 बजे अलाप्पुझा साउथ पुलिस स्टेशन के इलाके में सनातनपुरम के पास हाउसिंग कॉलोनी वार्ड में सुदर्शनन के घर पर हुई।
पुलिस ने बताया कि राजमोहन बुजुर्ग व्यक्ति के पास यह कहकर पहुंचा कि वह घर की ऊपरी मंजिल किराए पर लेना चाहता है। उसने सुदर्शनन को किराए का एग्रीमेंट भी दिखाया। जब सुदर्शनन एग्रीमेंट पढ़ रहे थे तो आरोपी ने कथित तौर पर उनके चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंक दिया।

वहीं पुलिस ने बताया कि सुदर्शनन ने विरोध किया और उठने की कोशिश की जिसके बाद आरोपी ने उन्हें काबू कर लिया। हाथापाई के दौरान दोनों व्यक्ति फर्श पर गिर गए जिससे बुजुर्ग व्यक्ति की बांह के ऊपरी हिस्से में चोट लग गई। पुलिस के अनुसार इसके बाद आरोपी ने सुदर्शनन का गला पकड़ लिया और धमकी दी कि अगर उन्होंने कीमती सामान नहीं दिया तो वह उन्हें मार डालेगा। इसके बाद वह गहने और नकदी लेकर घर से भाग गया।

इस वारदात के बाद अलाप्पुझा साउथ पुलिस ने तुरंत घटना की जांच शुरू की और उस मोबाइल नंबर को ट्रैक किया जिसका इस्तेमाल घर किराए पर लेने के सिलसिले में सुदर्शनन से संपर्क करने के लिए किया गया था। जांच में पुलिस राजमोहन तक पहुंची जिसे डकैती के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब संदिग्ध से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वह इसी तरह के अन्य अपराधों में भी शामिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *