बिहार के मधुबनी ज़िले के बाबूबरही थाना क्षेत्र स्थित बलिराजगढ़ गाँव में ASI चंद्रमोहन सिंह द्वारा की गई गोलीबारी में एक स्थानीय ग्रामीण अशोक यादव की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया. मधुबनी के जिला कलेक्टर लोगों को समझाने बुझाने गए थे, जहां उन्हें ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा. इसी दरम्यान गांव की एक महिला ने कलेक्टर का कॉलर पकड़ लिया.
दरअसल, बलिराजगढ़ पुलिस पिकेट पर तैनात एएसआई चंद्रमोहन सिंह देर रात गाँव की ही एक महिला के घर गया था. स्थानीय ग्रामीणों और पड़ोसियों को इसकी भनक लग गई.उन्होंने विरोध जताते हुए बाहर से कुंडी बंद कर दी और एएसआई को उसी घर में कैद कर दिया. खुद को ग्रामीणों से घिरा देखकर और बाहर निकलने के लिए एएसआई ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकाली और खिड़की के अंदर से ग्रामीणों पर ताबड़तोड़ 4 से 5 राउंड गोलियाँ चला दीं. गोलीबारी में 50 वर्षीय ग्रामीण अशोक यादव की मौत हो गई और तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आरोपी एएसआई मौके से फरार हो गया. पुलिस प्रशासन ने उसे निलंबित कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है.


