दरभंगा

राज्यस्तरीय बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य समापन, पटना प्रमंडल ने एकल वर्ग में दो खिताबों पर जमाया कब्जा

 

अंडर-14 में ईशानवी सिंह, अंडर-17 में सुलेखा कुमारी एवं अंडर-19 में गरिमा श्री बनीं चैंपियन

डीएम कौशल कुमार एवं एसएसपी जगुनाथ रड्डी ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध : डीएम

हार-जीत से सीख लेकर निरंतर आगे बढ़ें खिलाड़ी : एसएसपी

 

 

दरभंगा, 03 नवंबर 2026 :- खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में नेहरू स्टेडियम, लहेरियासराय में आयोजित तीन दिवसीय राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता का मंगलवार को फाइनल मुकाबलों एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ सफलतापूर्वक समापन हुआ।

 

प्रतियोगिता के अंतिम दिन अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्गों के बालिका एकल मुकाबलों के फाइनल खेले गए। इसमें विभिन्न प्रमंडलों की खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया।

 

*एकल वर्ग के फाइनल मुकाबलों के परिणाम*

 

प्रतियोगिता के तीनों आयु वर्गों के एकल मुकाबलों में निम्नलिखित खिलाड़ी विजेता एवं उपविजेता रहीं –

 

*अंडर-14 बालिका एकल* में ईशानवी सिंह (पटना प्रमंडल) विजेता एवं गार्गी आर्या (पटना प्रमंडल) उपविजेता रहीं।

*अंडर-17 बालिका एकल :* में सुलेखा कुमारी (मगध प्रमंडल) विजेता एवं नेहा कुमारी (बिहार एकलव्य) उपविजेता रहीं।

*अंडर-19 बालिका एकल :* में गरिमा श्री (पटना प्रमंडल) विजेता एवं नंदनी कुमारी (बिहार एकलव्य) उपविजेता रहीं।

 

एकल वर्ग के परिणामों में पटना प्रमंडल ने दो आयु वर्गों में चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि अंडर-17 वर्ग में मगध प्रमंडल की सुलेखा कुमारी विजेता बनीं। इससे पूर्व प्रतियोगिता के दूसरे दिन पटना प्रमंडल ने अंडर-14 एवं अंडर-19 बालिका डबल्स वर्ग में भी चैंपियनशिप हासिल की थी।

 

*डीएम एवं एसएसपी ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित*

 

समापन समारोह में जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जल रड्डी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर ओएसडी सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन, सहायक आयुक्त मद्य निषेध प्रदीप कुमार एवं जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार भी मौजूद थे।

 

कार्यक्रम के दौरान जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार ने जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सहित सभी अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके उपरांत अतिथियों ने विभिन्न आयु वर्गों के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

 

*शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध : डीएम*

 

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेना भी अपने आप में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। खेल से अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास एवं संघर्ष की भावना विकसित होती है। खिलाड़ियों को जीत से उत्साहित होने के साथ-साथ हार से भी सीख लेकर अपनी कमियों को दूर करना चाहिए तथा निरंतर अभ्यास करते रहना चाहिए।

 

उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने एवं खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रति जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई दिया।

 

*हार-जीत खेल का हिस्सा, प्रत्येक मुकाबले से सीख लेकर आगे बढ़ें खिलाड़ी : एसएसपी*

 

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जल रड्डी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीत और हार खेल का अभिन्न हिस्सा हैं। किसी प्रतियोगिता में पराजय मिलना असफलता नहीं, बल्कि अपनी कमियों को पहचानने एवं उनमें सुधार करने का अवसर है। खिलाड़ियों को खेल भावना एवं अनुशासन बनाए रखते हुए आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारी करनी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि खेल में खिलाड़ी कभी हारता नहीं है, बल्कि प्रत्येक मुकाबले से अनुभव एवं नई सीख प्राप्त कर आगे बढ़ता है।

 

*जिला खेल पदाधिकारी ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति जताया आभार*

 

जिला खेल पदाधिकारी चंदन कुमार ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं समापन में सहयोग के लिए जिलाधिकारी कौशल कुमार के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिले में शिक्षा, कला-संस्कृति के साथ-साथ खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय बच्चों एवं युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में जिलाधिकारी का मार्गदर्शन एवं सहयोग महत्वपूर्ण रहा है।

 

उन्होंने वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी, ओएसडी सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन, सहायक आयुक्त मद्य निषेध प्रदीप कुमार सहित समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया। साथ ही प्रशिक्षकों, निर्णायकों, तकनीकी अधिकारियों, शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों को उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया।

 

 

*खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए उपलब्ध रही चिकित्सा टीम*

 

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समुचित चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकों की टीम आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा सुविधाओं के साथ तैनात रही।

 

तीन दिवसीय इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के माध्यम से बिहार के विभिन्न प्रमंडलों की बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने एवं प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला। प्रतियोगिता का सफल आयोजन जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा बालिका खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *