डेस्क: विधायकों व पूर्व विधायकों को अब रेलवे टिकट के लिए काउंटर पर नहीं जाना होगा। उनके लिए रेलवे कूपन व्यवस्था को डिजिटल किया जा रहा है। इसके लिए आईआरसीटीसी एक सॉफ्टवेयर डेवलप करेगा, जहां लॉग-इन कर विधायक व पूर्व विधायक कहीं से भी टिकट बुक करा सकेंगे।
ऐसा करने वाला बिहार देश का पहला राज्य होगा। बहरहाल, इस व्यवस्था के लिए आईआरसीटीसी को विधानसभा की सैद्धांतिक सहमति चाहिए, जो अविलंब दी जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष का निर्देश है कि 60 दिनों के भीतर ऐसी व्यवस्था बना दी जाए। इसके लिए उन्होंने सभा सचिवालय से एक नोडल पदाधिकारी को भी नामित करने का निर्देश दिया है।
रेलवे कूपन व्यवस्था के डिजिटलीकरण के संबंध में संसदीय कार्य विभाग एवं पूर्व-मध्य रेलवे के अधिकारियों के साथ विधानसभा अध्यक्ष ने बुधवार को बैठक की। तय हुआ कि डिजिटलीकरण के प्रारंभिक चरण में रेलवे कूपन की वर्तमान व्यवस्था भी प्रभावी रहेगी। नई व्यवस्था के प्रभावी होने से राजस्व में बचत की आशा है
ट्रेनों में बढ़ेगा कोटा: विधानसभा अध्यक्ष ने पटना से होकर आने-जाने वाली ट्रेनों में विधायकों व पूर्व विधायकों के लिए वर्तमान कोटा को बढ़ाने का निर्देश दिया। जिन रेलगाड़ियों में अभी कोटा नहीं है, उसमें कोटा उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में संसदीय कार्य विभाग के प्रधान सचिव राबर्ट एल. चोंग्थू, पूर्व-मध्य रेलवे के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक दिलीप कुमार, उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अजय तिवारी, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक संतोष कुमार आदि उपस्थित रहे।

