दरभंगा, 13 सितंबर 2026 :- जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा आज सिविल सर्जन कार्यालय, जिला स्वास्थ्य समिति एवं स्वास्थ्य विभाग से संबद्ध विभिन्न कार्यालयों का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न कार्यालयों में उपलब्ध व्यवस्थाओं, साफ-सफाई एवं कार्यालय परिसर के समुचित रख-रखाव का जायजा लिया।
उन्होंने कार्यालय परिसर में लंबे समय से अनुपयोगी एवं अनावश्यक रूप से रखे गए सामानों को चिह्नित कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यालयों में स्वच्छ, व्यवस्थित एवं कार्य के अनुकूल वातावरण बनाए रखा जाए तथा अनुपयोगी सामग्रियों को अनावश्यक रूप से कार्यालय परिसर में नहीं रखा जाए।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के क्रम में सदर अस्पताल, गंगवाड़ा से संबंधित तैयारियों की भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अतिक्रमित स्थल को अंचलाधिकारी, सदर को अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यालयीन व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर एवं प्रभावी बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, एनसीडीओ सत्येंद्र प्रसाद, डीसीएम रवि कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मीगण उपस्थित थे।

