खेल

किक बॉक्सिंग को बढ़ावा देने व दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रभावी मंच बनेगा राष्ट्रीय आयोजन : संतोष अग्रवाल

डेस्क:अहमदाबाद। वाको इंडिया किक बॉक्सिंग फेडरेशन ने अहमदाबाद में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राष्ट्रीय सीनियर किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 तथा देश की पहली पैरा राष्ट्रीय किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 की आधिकारिक घोषणा की। यह प्रतियोगिताएं वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नारनपुरा, अहमदाबाद स्थित इंडोर मल्टी स्पोर्ट्स एरिना में आयोजित होंगी। राष्ट्रीय सीनियर चैंपियनशिप 1 से 5 अगस्त 2026 तथा पैरा राष्ट्रीय चैंपियनशिप 4 एवं 5 अगस्त 2026 को आयोजित की जाएगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, किक बॉक्सिंग सुपर लीग (KSL) के सह-संस्थापक अजय अडलखा, ओलंपिक पैरा एथलीट भावीना पटेल, साल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. नितिन शाह, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रवीण कुमार तथा राष्ट्रीय खिलाड़ी रुद्र राजपूत उपस्थित रहे। इन चैंपियनशिप में देशभर से अनुमानित 1,500 से अधिक सीनियर खिलाड़ी, 100–150 पैरा खिलाड़ी तथा 200 से अधिक रेफरी, जज, कोच एवं तकनीकी अधिकारी भाग लेने की संभावना है। मीडिया को संबोधित करते हुए फेडरेशन के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल ने कहा कि इस चैंपियनशिप का उद्देश्य युवाओं के बीच किकबॉक्सिंग को बढ़ावा देना तथा देश में पहली बार पैरा राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप आयोजित कर दिव्यांग खिलाड़ियों को समान अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद में होने जा रहा राष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन खिलाड़ियों को अवसर देने का प्रभावी मंच बनेगा।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रवीण कुमार ने किक बॉक्सिंग की मूल अवधारणा, बॉक्सिंग और किकबॉक्सिंग के बीच के अंतर तथा इस खेल की विभिन्न विधाओं की जानकारी देते हुए युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस खेल से जुड़ने का आह्वान किया।
पैरा एथलीट भावना पटेल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता पैरा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का नया मंच प्रदान करेगी और समावेशी खेल संस्कृति को मजबूत बनाएगी।
साल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. नितिन शाह ने किकबॉक्सिंग के स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह खेल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभदायक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एसएएल हॉस्पिटल इस चैंपियनशिप के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएगा और भविष्य में भी वाको इंडिया को हर संभव चिकित्सा सहयोग देता रहेगा।
वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन एवं खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के अनुरूप यह आयोजन किकबॉक्सिंग खेल में युवाओं की रुचि बढ़ाने में सफल साबित होगा। यह आयोजन एशियन किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 तथा केएसएल स्क्रीनिंग के लिए खिलाड़ियों के चयन का भी महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
वक्ताओं ने कहा कि गुजरात में खेल की सुविधाएं एवं खिलाड़ियों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध यह सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि 2030 में अहमदाबाद में होने जा रहे हैं ओलंपिक के मद्देनजर राष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन क्षेत्र में उपलब्ध खेल सुविधाओं और पर्याप्त प्रभावी प्रबंधन का भी उदाहरण बनेगा यह तय है। प्रेस वार्ता के बाद आगामी आयोजन को लेकर संगठन के पदाधिकारियों ने स्थानीय प्रबंधन प्रतिनिधियों के साथ विचार विमर्श किया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *