राष्ट्रीय

हत्या के बाद आरोपी मंगेतर सिया ने अपने पास रखा था केतन का फोन, पुलिस को सबूत मिटाने का शक

डेस्क: पुणे के रहने वाले रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की शादी इसी साल नवंबर में सिया गोयल से होने वाली थी। लेकिन 18 जून को पुणे के मशहूर लोहागढ़ किले पर उसकी हत्या हो गई। आरोप है कि सिया ने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन को किले की एक गहरी खाई में धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस की जांच में एक नया और अहम खुलासा हुआ है। केतन को कथित तौर पर धक्का देने के बाद उसका मोबाइल फोन सिया के पास था। बाद में सिया ने यह फोन केतन के परिवार को सौंप दिया। पुलिस को अंदेशा है कि इस दौरान सिया ने फोन से कोई जरूरी मैसेज, कॉल रिकॉर्ड या सबूत मिटाए या उनके साथ छेड़छाड़ की हो सकती है।
पुलिस ने कोर्ट को बताया है कि वे इस बात की गहराई से जांच करना चाहते हैं। दोनों आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और वे 3 जुलाई तक पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस ने उनकी हिरासत और बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस यह समझने की कोशिश कर रही है कि उस दिन किले पर असल में क्या हुआ था। इसके लिए पुलिस ने क्राइम सीन री-क्रीएशन किया। रविवार को को पुलिस आरोपी सिया गोयल को लेकर लोहागढ़ किला पहुंची थी। वहां उसकी मौजूदगी में एक पुतले को खाई में गिराकर देखा गया कि वारदात को कैसे अंजाम दिया गया होगा।
बुधवार को पुलिस दूसरे आरोपी चेतन चौधरी को भी घटनास्थल पर ले गई, ताकि पूरी साजिश और घटनाक्रम को अच्छे से समझा जा सके। पुलिस के मुताबिक, इस पूरी हत्या की साजिश रचने में चेतन चौधरी की भी बराबर की भूमिका थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
इसके पहले, पुलिस सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई थी कि क्राइम सीन रीक्रिएशन में आरोपी मंगेतर सिया गोयल ने बताया था कि चेतन चौधरी ने ही केतन अग्रवाल को धक्का दिया था। सिया गोयल, पुलिस को वो स्पॉट पर भी लेकर गई, जहां से चेतन चौधरी ने केतन अग्रवाल को धक्का दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *