खेल

तेलंगाना: भाजपा नेता माधवी लता ने राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में जीता गोल्ड, 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में दिखाया दम

डेस्क: हैदराबाद। राजनीति के साथ-साथ खेल के मैदान में भी अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए तेलंगाना भाजपा की नेता और सामाजिक कार्यकर्ता माधवी लता ने 12वीं तेलंगाना स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप (Women’s Masters) में स्वर्ण पदक (Gold medal) अपने नाम किया है। उन्होंने हैदराबाद के गाचीबौली स्थित SATS शूटिंग रेंज में आयोजित प्रतियोगिता की 25 मीटर पिस्टल (Women’s Masters) स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 300 में से 245 अंक हासिल किए और गोल्ड मेडल जीता।
माधवी लता ने अपनी इस उपलब्धि को वर्षों की मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि शूटिंग के प्रति उनका लगाव बचपन में एनसीसी कैडेट रहने के दौरान शुरू हुआ था। गणतंत्र दिवस प्रशिक्षण शिविरों में राइफल शूटिंग का अभ्यास करते हुए उन्हें इस खेल में रुचि पैदा हुई, जिसे उन्होंने अब प्रतिस्पर्धी स्तर तक पहुंचाया है।
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ वर्ष पहले कंधे में गंभीर चोट लगने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। शारीरिक चुनौतियों को स्वीकार करते हुए उन्होंने स्पोर्ट्स पिस्टल शूटिंग को अपना नया लक्ष्य बनाया और लगातार अभ्यास जारी रखा। अब उनका अगला लक्ष्य प्री-नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन करना है।

माधवी लता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने प्रशिक्षकों, सहयोगियों और परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की जीत है जिन्होंने कठिन दौर में उनका साथ दिया। साथ ही उन्होंने महिलाओं और युवाओं से खेलों में आगे आने और चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना करने का संदेश भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *