अन्य

दरभंगा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सेवाएं मरीजों को आसानी से मिले, इस पर विशेष ध्यान दें बिहार में मरीजों को रेफर करने के कांसेप्ट को हर हाल में करना होगा समाप्त, इसके लिए एसओपी बनाएं, एम्स, दरभंगा का निर्माण कार्य, डीएमसीएच का पुनर्विकास कार्य तेजी से पूर्ण करें : सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री

दरभंगा। बिहार के मुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में दरभंगा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट परियोजना, दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के जीर्णोद्धार कार्य तथा निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दरभंगा की समीक्षात्मक बैठक हुई। दरभंगा एयरपोर्ट परिसर में आयोजित इस बैठक में दरभंगा विमानपत्तन के निदेशक ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दरभंगा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट परियोजना की प्रगति के संबंध में मुख्यमंत्री को अवगत कराया। निदेशक ने अपने प्रस्तुतीकरण में न्यू टर्मिनल बिल्डिंग, रोड कनेक्टिविटी, उपलब्ध सुविधाएं,पावर हाउस, ए.सी. प्लांट आदि की अद्यतन स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।मुख्यमंत्री के समक्ष अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, दरभंगा (एम्स) के उप निदेशक, रजनीश मिश्रा ने निर्माणाधीन दरभंगा एम्स की कार्य प्रगति के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया। उप निदेशक ने अपने प्रस्तुतीकरण में भू-अर्जन, सिविल वर्क, साइट प्लान, रोड कनेक्टिविटी / चौड़ीकरण, दरभंगा एम्स के पास प्रस्तावित रिंग बांध, पेयजल, इलेक्ट्रिसिटी कनेक्शन आदि के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री कुमार रवि ने प्रस्तुतीकरण के जरिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के जीर्णोद्धार कार्य की प्रगति के हर पहलू से मुख्यमंत्री को विस्तार पूर्वक अवगत कराया। कुमार रवि ने बताया दरभंगा मेडिकल कॉलेज लहेरियासराय में 250 छात्रों का नामांकन हो रहा है, 1700 शैय्या के अस्पताल का पुनर्विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री के समक्ष स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दरभंगा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट परियोजना, दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के जीर्णोद्धार कार्य,निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दरभंगा के संबंध में अपनी-अपनी बातें रखी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा दरभंगा एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय बनाने के लिए जो मानक निर्धारित हैं उसको ध्यान में रखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय,भारत सरकार के साथ होनेवाली अगली बैठक में उन मानकों पर विस्तारपूर्वक चर्चा अवश्य करें। दरभंगा एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा यथाशीघ्र शुरू कराएं। प्राथमिकता के आधार पर दरभंगा एम्स के निर्माण कार्य में तेजी लाएं, यदि किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो उसका त्वरित समाधान करें। डीएमसीएच के पुनर्विकास कार्य में तेजी लाकर गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण कराएं। डीएमसीएच का जीर्णोद्धार कार्य तथा एम्स का निर्माण चल रहा है। ऐसी स्थिति में लोगों को बेहतर सुविधाएं मिले इसका विशेष रूप से ख्याल रखें। बिहार में मरीजों को रेफर करने के कांसेप्ट को हर हाल में समाप्त करना है। इसके लिए एसओपी बनाएं। दरभंगा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सेवाएं मरीजों को आसानी से मिले, इस पर विशेष ध्यान दें। इस अवसर पर मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री, मदन सहनी, पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ रामचंद्र प्रसाद, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सह सांसद, संजय कुमार झा, सांसद गोपाल जी ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक, संजय सरावगी, विधायक, राजेश कुमार मंडल, विधायक, विनय कुमार चौधरी, विधायक, सुजीत कुमार, विधायक, जिवेश कुमार, विधायक, मुरारी मोहन झा, विधान पार्षद, हरि सहनी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, दीपक कुमार, मुख्य सचिव, प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक, विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव, लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य विभाग के सचिव, कुमार रवि, सिविल विमानन विभाग के सचिव डॉ. निलेश रामचंद्र देवरे, बिहार स्वास्थ्य सेवायें एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक, अमित कुमार पांडे, दरभंगा विमानपत्तन के निदेशक डॉ, दिलीप कुमार, दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त, हिमांशु कुमार राय, दरभंगा प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक, मनोज तिवारी, जिलाधिकारी, कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक,जगुनाथ रेड्डी सहित अन्य वरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *