राष्ट्रीय

आंगन से मासूम का अपहरण और सामूहिक दरिंदगी, सीधी में इंसानियत तार-तार

डेस्क: मध्य प्रदेश के सीधी जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की घटना को अंजाम दिया गया है। आरोपियों ने इस घिनौनी वारदात को उस वक्त अंजाम दिया जब पीड़िता अपने घर के आंगन में अपनी मां के साथ सो रही थी।
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना 2 मई की रात की है। भीषण गर्मी के कारण पीड़िता अपनी मां के साथ घर के आंगन में सोई हुई थी। रात के सन्नाटे का फायदा उठाते हुए गांव के ही तीन युवक वहां पहुंचे। उन्होंने सो रही नाबालिग का मुंह दबाया और उसे जबरन उठाकर पास के जंगल की ओर ले गए। जंगल के सुनसान इलाके में तीनों आरोपियों ने बारी-बारी से किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। रात भर दरिंदगी का शिकार बनाने के बाद, सुबह होते ही आरोपी पीड़िता को बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गए।
सुबह किसी तरह रोती-बिलखती हुई पीड़िता अपने घर पहुंची और अपनी मां को इस खौफनाक मंजर की जानकारी दी। घटना सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। बिना देर किए मां अपनी बेटी को लेकर 3 मई को कोतवाली थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। शाम करीब 5:00 बजे तक मामला पंजीबद्ध कर लिया गया और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया।

मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने विवेचना तेज कर दी है। इस मामले में पुलिस को प्रारंभिक सफलता मिली है। कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, जो कि नाबालिग (विधि विरुद्ध बालक) है। हालांकि, घटना में शामिल दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी कमान डीएसपी मुख्यालय अमन मिश्रा को सौंपी गई है। पूरी जांच उन्हीं की देखरेख में की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही शेष दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। वहीं, इस घटना ने स्थानीय निवासियों को झकझोर कर रख दिया है। पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश है और लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *