डेस्क:पश्चिम बंगाल में चुनावी धांधली की शिकायतों और निर्वाचन आयोग की गहन जांच के बाद आज शनिवार सुबह से दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीटों पर पुनर्मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह निर्णय निर्वाचन आयोग द्वारा जमीनी रिपोर्टों और पर्यवेक्षकों के इनपुट के आधार पर लिया गया है। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीट के 15 केंद्रों पर शनिवार सुबह से मतदान जारी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर के चार मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक प्रक्रिया जारी रहेगी। इन दोनों विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल को मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि पुनर्मतदान का आदेश दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर दिया गया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया कि डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र की इन दोनों विधानसभा सीट के कुछ मतदान केंद्रों पर बड़े पैमाने पर चुनावी धांधली हुई थी। डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी करते हैं। निर्वाचन आयोग ने आरोपों की जमीनी स्तर पर जांच के लिए अपने विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता को नियुक्त किया था। इस बीच, निर्वाचन आयोग शनिवार को फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान पर फैसला करेगा। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव इस बार अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच दो चरणों (23 अप्रैल और 29 अप्रैल) में आयोजित किए गए थे। आज हो रहे पुनर्मतदान के संपन्न होने के बाद, सभी की निगाहें 4 मई पर टिकी हैं, जब चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। प्रशासन ने शनिवार को हो रहे इस मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

