राष्ट्रीय

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अचानक बिगड़ी तबीयत, इमरजेंसी वार्ड में भर्ती, पीएम मोदी ने जताई चिंता

डेस्क:उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) के अध्यक्ष अजय राय को शुक्रवार शाम अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद लखनऊ के मेदांता अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी निगरानी कर रही है। मेदांता अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राय शुक्रवार शाम करीब छह बजे अपने आवास पर अचानक बेहोश हो गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। कपूर ने बताया कि जांच में पता चला है कि राय के शरीर में सोडियम की कमी हो गई थी और उनका रक्तचाप भी बढ़ा हुआ था। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने उन्हें तुरंत उपचार दिया, जिसके बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ है। अस्पताल के निदेशक ने बताया कि चिकित्सकों की एक टीम उनके स्वास्थ्य परलगातार नजर रखे हुए है और फिलहाल राय होश में हैं, बातचीत कर रहे हैं तथा हालत स्थिर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अजय राय के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय जी के अस्वस्थ होने का समाचार प्राप्त हुआ है। मैं उनके जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’ राय ने पिछले तीन आम चुनावों-2014, 2019 और 2024 में वाराणसी लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें जीत हासिल नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *