डेस्क : गुजरात टाइटन्स ने अनुशासित गेंदबाजी के बाद कप्तान शुभमन गिल (18 गेंद में 43 रन) और जोस बटलर (19 गेंद में 39 रन) की अच्छी शुरूआत की मदद से बृहस्पतिवार यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को चार विकेट से शिकस्त दी। गुजरात टाइटन्स ने गिल (चार चौके, तीन छक्के) और बटलर (दो चौके, चार छक्के) के अलावा अंत में राहुल तेवतिया की नाबाद 27 रन (17 गेंद में चार चौके) पारी मदद से 15.5 ओवर में छह विकेट पर 158 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
जेसन होल्डर (29 रन देकर दो विकेट) ने गेंदबाजी के अलावा क्षेत्ररक्षण में भी कमाल दिखाते हुए तीन शानदार कैच लपके। इस तरह गुजरात टाइटन्स ने आरसीबी को 19.2 ओवर में महज 155 रन पर ऑल आउट कर दिया। आरसीबी की टीम इस सत्र में पहली बार ऑल आउट हुई। उसके लिए देवदत्त पडीक्कल 40 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे जबकि विराट कोहली ने 28 रन और कप्तान रजत पाटीदार ने 19 रन का योगदान दिया। गुजरात टाइटन्स (10 अंक) की यह लगातार दूसरी जीत थी जिससे वह पांचवें स्थान पर कायम है जबकि आरसीबी (12 अंक) की यह नौ मैच में तीसरी हार है जिससे वह तालिका में अपने दूसरे स्थान पर बरकरार है।
तेज गेंदबाजी के अगुआ भुवनेश्वर कुमार ने नयी गेंद से शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट झटके जिसमें शीर्ष तीन बल्लेबाजों गिल, बटलर और साई सुदर्शन (06) के विकेट शामिल थे। जबकि जोश हेजलवुड (56 रन देकर कोई विकेट नहीं) महंगे साबित हुए जिन्होंने दूसरे ओवर में दो छक्के और तीन चौके से 24 रन लुटाए। रोमारियो शेफर्ड ने अपने दूसरे ओवर में वाशिंगटन सुंदर (12 रन) और शाहरूख खान (08) के विकेट झटके। लेकिन लक्ष्य इतना छोटा था कि गुजरात टाइटन्स छह विकेट गिरने के बावजूद आसानी से लक्ष्य तक पहुंच गई। तीसरे ओवर में भुवनेश्वर की गेंद सुदर्शन के बल्ले का बाहरी किनारा लेकर बाईं ओर जा रही थी और विकेटकीपर जितेश शर्मा ने डाइव लगाकर उनका कैच लपक लिया।
गुजरात टाइटन्स ने 42 रन पर पहला विकेट गंवाया। पहला विकेट गिरने के बावजूद गिल और बटलर ने तेजी से रन जुटाए। भुवनेश्वर ने अपने अगले ही ओवर में गुजरात टाइटन्स के गिल को कवर में खड़े विराट कोहली के हाथों कैच आउट कराया। कोहली ने कैच लपककर आक्रामक जश्न मनाया। बटलर ने पावरप्ले का समापन हेजलवुड पर छक्का लगाकर किया जिससे छह ओवर में स्कोर दो विकेट पर 69 रन था। बटलर ने सूयश शर्मा के ओवर में लगातार दो छक्के जड़ दिए। इस तरह गुजरात टाइटन्स ने सात ओवर में दो विकेट पर 86 रन बना लिए थे।
भुवनेश्वर ने फिर कहर बरपाते हुए अगले ओवर में बटलर के लेग स्टंप उखाड़कर बड़ा विकेट झटका। इस प्रक्रिया में इस अनुभवी तेज गेंदबाज़ ने 352 विकेट पूरे किए और टी20 में 350 विकेट का आंकड़ा पार करने वाले युजवेंद्र चहल (391) के बाद दूसरे भारतीय बन गए। अनुभवहीन मध्यक्रम पर दबाव आ गया था। होल्डर ने मोर्चा संभाला और अपने ही देश के खिलाड़ी शेफर्ड की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। होल्डर और तेवतिया संयम से खेले लेकिन वेस्टइंडीज का यह ऑलराउंडर 12 रन बनाकर आउट हो गया।
गुजरात टाइटन्स को अंतिम आठ ओवर में महज 24 रन की दरकार थी और तेवतिया ने टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। आरसीबी ने पिछले सत्र में इसी मैदान पर खिताब जीता था और वह बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद 10 से ज्यादा के रन रेट से आगे बढ़ रही थी। कोहली पारी की अगुवाई कर रहे थे और उन्होंने तेज गेंदबाजी के अगुआ कागिसो रबाडा के पहले ही ओवर में लगातार पांच चौके जड़कर 21 रन ठोक दिए। लेकिन कप्तान शुभमन गिल अपने मुख्य गेंदबाज पर भरोसा बनाए रखा और इस फैसले का उन्हें फायदा भी मिला।
रबाडा (38 रन देकर एक विकेट) ने वापसी करते हुए कोहली (13 गेंद) को आउट कर दिया। इसके बाद आरसीबी के तेजी से विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हुआ और टीम ने बीच के ओवरों में लगातार विकेट गंवाए। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अरशद खान ने निचले क्रम के बल्लेबाजों को समेटा और 22 रन देकर तीन विकेट झटके। आरसीबी का सात ओवर के बाद स्कोर दो विकेट पर 71 रन था लेकिन 10.3 ओवर में उसका स्कोर छह विकेट पर 96 रन हो गया। इस दौरान टीम ने रजत पाटीदार (19), जितेश शर्मा (01), टिम डेविड (09) और कृणाल पंड्या (04) के विकेट गंवाए। इनके बावजूद आरसीबी अपनी पूरी तरह से आक्रामक खेलने की रणनीति पर कायम रही। ऐसा लगा कि इसी वजह से टीम 20-30 अतिरिक्त रन बनाने से चूक गई और 19.2 ओवरों में ही ऑल आउट हो गई।
विकेटों के गिरने के सिलसिले के बीच पडिक्कल और रोमारियो शेफर्ड ने पारी को संभालने का प्रयास किया। लेकिन हमेशा भरोसेमंद रहने वाले राशिद खान (19 रन देकर दो विकेट) ने एक बेहतरीन गेंद डालकर पडिक्कल (24 गेंद) को बोल्ड कर दिया। ऑलराउंडर जेसन होल्डर (29 रन देकर दो विकेट) का मैदान पर प्रदर्शन शानदार रहा, उन्होंने दो विकेट लेने के अलावा तीन शानदार कैच भी लपके। होल्डर ने सबसे पहले डीप स्क्वायर बाउंड्री के पास दौड़ते हुए एक शानदार कैच लपककर पाटीदार को आउट किया।
रबाडा से लगभग टकराने के बावजूद उन्होंने हवा में उछलती गेंद को मजबूती से पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने जितेश को आउट किया और फिर शॉर्ट मिडविकेट पर दो बेहतरीन कैच लपककर डेविड और कृणाल को पवेलियन भेजा। बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद आरसीबी ने कोहली की शुरुआती तूफानी पारी के बाद जल्दी ही दो विकेट गंवा दिए। मोहम्मद सिराज (38 रन देकर एक विकेट) ने सलामी बल्लेबाज जैकब बेथेल (05) को आउट करके टीम को पहली सफलता दिलाई। कोहली और रबाडा के बीच का मुकाबला शुरुआत में ही जोरदार रहा।
कोहली ने रबाडा की गेंदों पर लगातार पांच चौके जड़े। इसके बाद कोहली ने सिराज की गेंद पर मिड ऑन के ऊपर से एक छक्का जड़ा, और महज 10 गेंदों में ही 28 रन बना लिए। लेकिन अंत में रबाडा ने सटीक लाइन एंव लेंथ से कोहली को गलत टाइमिंग वाला पुल शॉट खेलने पर मजबूर कर दिया। कोहली जब गेंद पर आगे बढ़कर शॉट खेलने गए तो राशिद ने एक बेहतरीन कैच लपककर उन्हें आउट कर दिया।

