डेस्क: आईपीएल 2026 के 42वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और गुजरात के बीच मैदान पर उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब अंपायर के एक विवादास्पद फैसले ने विराट कोहली को आगबबूला कर दिया। डगआउट में बैठे कोहली का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने अंपायर से तीखी बहस की, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि इस मुकाबले में गुजरात ने आरसीबी को 4 विकेट से हरा दिया है।
ताश के पत्तों की तरह बिखरी आरसीबी की बल्लेबाजी
गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो उनके लिए पूरी तरह सही साबित हुआ। आरसीबी की शुरुआत बेहद नाजुक रही और टीम की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखरती नजर आई। खुद दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली भी इस मैच में फ्लॉप साबित हुए और महज 28 रन बनाकर आउट हो गए।
रजत पाटीदार के विकेट पर हुआ भारी ‘बखेड़ा’
मैच का सबसे विवादित मोड़ तब आया जब आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार बल्लेबाजी कर रहे थे। पाटीदार ने लेग साइड पर एक शॉट खेला लेकिन अपना संतुलन खो बैठे, जिससे गेंद काफी ऊंचाई पर चली गई। जेसन होल्डर ने चेज करते हुए एक शानदार कैच लपका और अंपायर ने इसे आउट करार दिया। हालांकि, जब रीप्ले में कैच को चेक किया गया, तो गेंद होल्डर के हाथ में होने के बावजूद जमीन को छूती नजर आई। अंपायर के इस फैसले को देखकर डगआउट में मौजूद विराट कोहली भड़क गए और उन्होंने मैदान के बाहर ही अंपायर के साथ लंबी बहस की।
देवदत्त पडिक्कल ने संभाला मोर्चा, जैसे-तैसे 150 पार पहुंची टीम
आरसीबी के कई बड़े खिलाड़ी जैसे जितेश शर्मा, टिम डेविड और क्रुणाल पांड्या पूरी तरह फ्लॉप रहे और दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। ऐसे में देवदत्त पडिक्कल ने मोर्चा संभाला और 40 रनों की पारी खेलकर टीम को संभाला। अंत में भुवनेश्वर (15), शेफर्ड (17) और वेंकटेश अय्यर (12) के छोटे योगदान की बदौलत आरसीबी 155 रन के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम इस मुकाबले को जीतने में कामयाब रही।

