दरभंगा

जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की हुई विस्तृत समीक्षा

सहयोग शिविर में कर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति एवं प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

 

दरभंगा, 14 सितंबर 2026 :-जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक, जनकल्याणकारी एवं राजस्व संबंधी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा करते हुए इसे अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान बताया।

 

उन्होंने भवनहीन विद्यालयों को चिह्नित कर संबंधित योजना में शामिल करने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि कल जिले में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी शिविर से संबंधित सभी तैयारियां ससमय पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

 

उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर आम लोगों की समस्याओं के समाधान एवं विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

 

उन्होंने विभिन्न स्थानों से सहयोग शिविर में कर्मियों के उपस्थित नहीं रहने की शिकायतों को गंभीरता से लिया।

 

जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को सहयोग शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सहयोग शिविर के लिए की जाती है और वे शिविर में उपस्थित नहीं होते हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी से राशन कार्ड निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र लाभुकों के राशन कार्ड निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

जिलाधिकारी ने एग्री स्टैक के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्रेशन सहित अन्य संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की।

 

उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों एवं राजस्व कर्मचारियों को जमाबंदी एवं परिमार्जन से संबंधित लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन एवं फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी का निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।

 

नगर निगम क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त दरभंगा को योजनाओं का नियमित अनुश्रवण करने तथा कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

आगामी छठ पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र के तालाबों एवं अन्य जलाशयों की साफ-सफाई समय से पूर्ण कराने का निर्देश दिया,ताकि श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

बैठक में बताया गया कि शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापन किया जा रहा है,नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया।

 

जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए नगर निगम क्षेत्र में अधिक से अधिक लाभुकों से आवेदन कराने का निर्देश नगर आयुक्त को दिया।

 

उन्होंने योजना के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने एवं पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

 

बैठक में सामुदायिक भवन निर्माण से संबंधित प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारियों को सामुदायिक भवन निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

 

जिलाधिकारी ने संत रविदास शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को शिविर के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभुकों को संबंधित योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

 

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने पर विशेष बल दिया।

 

बैठक में नगर आयुक्त दरभंगा गरिमा लोहिया, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता (राजस्व) रोहित कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री आशिष अमन सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

वहीं जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *