डेस्क: मेरठ (Meerut) के रेलवे रोड क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े वेश्यावृत्ति रैकेट (Prostitution Racket) का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी. अधिकारी के मुताबिक यह कार्रवाई लंबे समय से मिल रही शिकायतों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर की गई.
पुलिस ने मंगलवार को भाटीपुरा देवपुरी इलाके में स्थित एक मकान पर छापा मारा. जहां से यह अवैध गतिविधि संचालित की जा रही थी. छापेमारी के दौरान मौके से माजिद मलिक, दानियाल उर्फ साहिल, शगुफ्ता खान, शाकिर और ताबिश को गिरफ्तार किया गया. पुलिस का कहना है कि ये सभी लोग इस रैकेट में अलग-अलग भूमिकाओं में शामिल थे.
थाना प्रभारी जनार्दन प्रसाद ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना इरशाद पठान उर्फ पिंकू पठान है, जो फिलहाल फरार है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह अपनी पत्नी शगुफ्ता खान और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर अपने घर से इस रैकेट का संचालन करता था. बाकी आरोपी ग्राहकों की व्यवस्था करने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम करते थे.
मुख्य आरोपी अभी है फरार
छापे के दौरान पुलिस ने चार मोबाइल फोन, एक सीसीटीवी डीवीआर, 4,200 रुपये नकद, एक स्कूटर और कुछ अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है. इन बरामद वस्तुओं को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है और इनके जरिए रैकेट के अन्य सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है. अधिकारियों का कहना है कि फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा.
पुलिस ने यह भी संकेत दिया है कि इस रैकेट के तार अन्य इलाकों से भी जुड़े हो सकते हैं, जिसकी जांच जारी है. स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और क्षेत्र में ऐसी अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है.

