राष्ट्रीय

बाइक को लेकर हुआ विवाद, कलयुगी बेटे ने पिता के सिर पर गैंती से किया हमला

डेस्क: गुना के म्याना थाना क्षेत्र अंतर्गत सागोरिया गांव से एक बेहद दर्दनाक और रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज कुछ लीटर पेट्रोल के विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए बिखेर दिया। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है और पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती कटुता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, सागोरिया निवासी 48 वर्षीय रमेश जाटव अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए उमरी गांव जाने की तैयारी कर रहे थे। परिवार में खुशी का माहौल था और सभी शादी में जाने की तैयारियों में जुटे हुए थे। इसी दौरान रमेश ने अपने बेटे से मोटरसाइकिल की चाबी मांगी, ताकि वे समय पर कार्यक्रम में पहुंच सकें। लेकिन यह मामूली सी बात देखते ही देखते विवाद का कारण बन गई।
बताया जा रहा है कि बेटे ने मोटरसाइकिल देने से साफ इनकार कर दिया। उसका कहना था कि बाइक में डलवाया गया पेट्रोल उसने अपने पैसों से भरवाया है, इसलिए वह वाहन नहीं देगा। इस बात पर पिता ने शांत रहते हुए कहा कि अगर पेट्रोल तुम्हारा है तो निकाल लो, मैं दोबारा भरवा दूंगा। लेकिन यह बात बेटे को नागवार गुजरी और विवाद तेजी से बढ़ गया।

गुस्से में आकर आरोपी बेटा चाबी लाने के बहाने घर के अंदर गया, लेकिन कुछ ही देर बाद वह गेंती लेकर बाहर निकला। बिना किसी चेतावनी के उसने अपने पिता के सिर पर जोरदार वार कर दिया। अचानक हुए इस हमले से रमेश जाटव गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और लहूलुहान हो गए। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों ने तत्काल घायल रमेश को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। करीब पांच से छह घंटे तक चले उपचार के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और देर रात लगभग तीन बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। पिता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के मुताबिक, आरोपी बेटा पहले भी कई बार पिता के साथ मारपीट कर चुका था, जिससे परिवार में लंबे समय से तनाव बना हुआ था। हालांकि, इस बार विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया और एक जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही म्याना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी बृजमोहन भदौरिया ने बताया कि आरोपी को घटना के तुरंत बाद हिरासत में ले लिया गया था। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *