डेस्क: इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो ने सनसनी मचा दी है। तेल अवीव की गगनचुंबी इमारतों के ऊपर हजारों की संख्या में कौवों का एक विशाल झुंड उड़ता हुआ देखा गया। काले पक्षियों के इस सैलाब ने न केवल वहां रहने वाले लोगों को हैरान कर दिया है, बल्कि पूरी दुनिया में इसे लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कई लोग इसे किसी प्राकृतिक आपदा या युद्ध के विनाशकारी अंजाम से जोड़कर देख रहे हैं।
इंटरनेट पर यह वीडियो ‘Asian Victor’ जैसे कई हैंडल्स द्वारा शेयर किया गया है, जिसमें आसमान कौवों की वजह से लगभग काला नजर आ रहा है। लोग इस दृश्य को देखकर काफी डरे हुए हैं और इसे ‘कयामत’ का संकेत बता रहे हैं। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने तो इसे धार्मिक भविष्यवाणियों से भी जोड़ दिया है। उनका तर्क है कि पुराने ग्रंथों में युद्ध और विनाश के बाद शिकारी पक्षियों का इस तरह मंडराना किसी बड़ी तबाही या ‘प्रलय’ का पूर्व संकेत होता है। सड़कों और खड़ी गाड़ियों पर भी पक्षियों का जमावड़ा देखकर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
हालांकि, जहां एक तरफ लोग इसे अनहोनी मान रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ वैज्ञानिकों और पर्यावरण विशेषज्ञों का नजरिया बिल्कुल अलग है। विशेषज्ञों का कहना है कि पक्षियों का इस तरह झुंड बनाकर उड़ना पूरी तरह से एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। उनके अनुसार, पक्षी अक्सर मौसम के बदलाव, भोजन की तलाश या रात बिताने के लिए सुरक्षित ठिकाने की खोज में एक साथ उड़ान भरते हैं। शहरी इलाकों में खाने-पीने की चीजों की उपलब्धता या तापमान में अचानक गिरावट भी पक्षियों के इस व्यवहार की मुख्य वजह हो सकती है। वैज्ञानिकों ने लोगों से अपील की है कि वे इसे किसी अलौकिक या राजनीतिक घटना से जोड़कर न देखें, क्योंकि पक्षियों की यह गतिविधियां सामान्य पारिस्थितिक तंत्र का हिस्सा हैं।
