
दरभंगा। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के अंतर्गत गंगा एवं सहायक नदियों की स्वच्छता, संरक्षण और जल संसाधनों के सतत प्रबंधन के उद्देश्य से जिला गंगा समिति, दरभंगा के द्वारा समाहरणालय परिसर, दरभंगा में गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं जल महोत्सव 2026 का शुरु की गई।
उद्घाटन जल अर्पण एवं गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण से संबंधित पोस्टर का विमोचन कर जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष, जिला गंगा समिति, दरभंगा, कौशल कुमार द्वारा किया गया। नगर आयुक्त, राकेश कुमार गुप्ता, उप विकास आयुक्त, स्वप्निल,अपर समाहर्ता राजस्व, मनोज कुमार, अपर समाहर्ता विभागीय जाँच, राकेश कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, सलीम अख्तर, जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति, फारूक इमाम सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।जिलाधिकारी, दरभंगा ने कहा गंगा और अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।उन्होंने कहा गंगा भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है और इसकी निर्मलता एवं अविरलता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।जिलाधिकारी ने कहा वर्तमान समय में जल संरक्षण एक वैश्विक चुनौती बन चुका है। बढ़ती जनसंख्या, शहरीकरण तथा जल संसाधनों के अत्यधिक दोहन के कारण कई क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ऐसे में जल का विवेकपूर्ण उपयोग,वर्षा जल संचयन, स्थानीय जल स्रोतों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा गंगा स्वच्छता पखवाड़ा एवं जल महोत्सव जैसे कार्यक्रम समाज में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। इस प्रकार के अभियानों के माध्यम से युवाओं, विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवी संगठनों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने जिला गंगा समिति की टीम, एनसीसी एवं एनएसएस के कैडेट्स, विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा युवा वर्ग समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि युवा जल संरक्षण और स्वच्छता के संदेश को अपने परिवार एवं समाज तक पहुँचाएँगे तो यह अभियान और अधिक प्रभावी होगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील किया वे नदियों, तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों में कचरा या प्लास्टिक न डालें व अपने आसपास के जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा सामूहिक प्रयासों, जन सहभागिता के माध्यम से ही गंगा एवं अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखा जा सकता है। जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति, दरभंगा, फारूक इमाम ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने गंगा स्वच्छता पखवाड़ा की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए बताया गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के माध्यम से नदियों,तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता के प्रयासों में आम जनमानस की भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा, समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित की जाएगी। जल महोत्सव का उद्देश्य जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन व ग्रामीण पेयजल की स्थिरता के प्रति समाज को जागरूक करना है। उन्होंने जानकारी दी इस अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न जल स्रोतों एवं घाटों पर स्वच्छता के लिए श्रमदान,गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण शपथ, नुक्कड़ नाटक,पौधारोपण, जनजागरूकता कार्यक्रम,कॉलेजो में विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी। आयोजन में 8 बिहार बटालियन एनसीसी,एनएसएस ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय,जिला जल एवं स्वच्छता समिति व नगर निगम दरभंगा का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है। कार्यक्रम के अंत में जिला पदाधिकारी द्वारा गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। हम सब ने ठाना है, नदी, तालाबों को स्वच्छ बनाना है। नमामि गंगे, हर हर गंगे, अब हमने यह ठाना है, नदियों को बचाना है। नहीं रुकेंगे, स्वच्छ करेंगे जैसे नारों के रैली समाहरणालय परिसर से प्रारम्भ होकर निबंधन कार्यालय,वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय,आयुक्त कार्यालय,ऑडिटोरियम,आदर्श मिडिल स्कूल,के एम टैंक शिव मंदिर, लोहिया चौक,लहेरियासराय टावर, लहेरियासराय पोस्ट ऑफिस एवं लहेरियासराय स्टेशन रोड होते हुए विकास भवन तक पहुंची। जिसमें बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों ने भाग लिया और जल संरक्षण, स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया। कार्यक्रम का मंच संचालन, रौशन उपाध्याय द्वारा किया गया। कार्यकम में अवर योजना पदाधिकारी,आशीष झा,नमामि गंगे के स्वयंसेवक पूजा कुमारी,मणिकांत ठाकुर,मुकेश कुमार झा,संजीव कुमार,संगीता कुमारी,सुनील कुमार,अनुराग कुमार, एनसीसी से हवालदार दीपक कुमार एवं केदार सिंह,सार्जेंट रौशन कुमार,नगर निगम से आशुतोष कुमार ने कार्यक्रम सक्रिय भागीदारी निभाएं।