
दरभंगा। दरभंगा एयरफोर्स स्टेशन के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार प्रतिबद्ध है। दरभंगा एयरफोर्स स्टेशन से संबंधित सौ करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न योजनाओं के शीघ्र उद्घाटन करने के लिए उन्होंने देश के रक्षा मंत्री, राजनाथ सिंह से मिलकर आग्रह किया। रक्षा मंत्री सिंह ने यथाशीघ्र इन मुद्दों पर ठोस पहल किए जाने के लिए आश्वस्त किया है।
दरभंगा के सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डा गोपाल जी ठाकुर ने सोमवार को देश के रक्षा मंत्री, राजनाथ सिंह से दिल्ली स्थित उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात कर इन मुद्दों पर चर्चा करने के बाद उपरोक्त जानकारी दी है। रक्षा मंत्री से मुलाकात के मौके पर सांसद डा ठाकुर ने रक्षा मंत्री श्री सिंह को पाग एवं अंगवस्त्र से सम्मानित भी किया।
सांसद डा ठाकुर ने रक्षा मंत्री के साथ हुई भेंट में चर्चा किए गए विषयों के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा उन्होंने श्री सिंह से यथाशीघ्र दरभंगा एयरफोर्स स्टेशन परिसर में 50 करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार 50 आवासीय क्वार्टर का उद्घाटन, लगभग 20 की लागत से भारतीय वायु सेना स्टेशन परिसर की नवनिर्मित चारदीवारी का उद्घाटन , इसके साथ इस एयरफोर्स स्टेशन परिसर में लगभग 25 करोड़ की लागत से नव निर्मित अस्पताल सह मेडिकल स्टेशन के शुभारम्भ किए जाने का आग्रह किया है तथा इन विषयों के संबंध में विस्तारपूर्व उनके साथ चर्चा की है जो आने वाले समय में दूरगामी वरदान साबित होगा।
सांसद डा ठाकुर ने बताया है कि दरभंगा एयरफोर्स स्टेशन परिसर में अवस्थित वायु सेना स्कूल को प्राथमिक स्कूल से उच्च माध्यमिक स्कूल में उन्नयन करने का आग्रह करते हुए बताया इस वायु सेना स्कूल के उच्चतर कक्षाओं में अपग्रेड होने से इस क्षेत्र के छात्र छात्राओं को काफी सहूलियत होगी तथा वायु सेना स्कूल के माध्यम से छात्र छात्राओं को उच्चतर कक्षाओं में अध्ययन के लिए अनेक तरह के अवसर प्राप्त होंगे।