दरभंगा

दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय, पटना की टीम ने दरभंगा के दो विशेष विद्यालयों का किया निरीक्षण

दरभंगा, 28 सितंबर 2026 :- दिव्यांग बच्चों के शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय, पटना द्वारा भेजी गई एक टीम ने दरभंगा जिले में संचालित दो विशेष विद्यालयों का विस्तृत निरीक्षण किया।

 

जांच टीम में सदस्य के रूप में दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय के सहायक निदेशक, श्री नीतीश कुमार भी शामिल थे।

 

टीम द्वारा जिन विद्यालयों का निरीक्षण किया गया,उनमें श्री कामेश्वरी प्रिया राजकीय मूक बधिर मध्य विद्यालय एवं श्री कामेश्वरी प्रिया राजकीय नेत्रहीन उच्च विद्यालय शामिल हैं।

 

जांच एवं निरीक्षण प्रक्रिया के दौरान दरभंगा के सहायक निदेशक (दिव्यांगजन सशक्तिकरण), श्री आशीष अमन ने नोडल पदाधिकारी के रूप में वहां उपस्थित रहकर जांच टीम की सहायता की।

 

निरीक्षण के दौरान जांच टीम ने विद्यालय प्रशासन से जुड़ी महत्वपूर्ण पंजियों की गहन जांच की, जिनमें मुख्य रूप से भंडार पंजी (स्टॉक रजिस्टर) और चिकित्सा रजिस्टर शामिल रहे। इसके अतिरिक्त, टीम ने विद्यालय के भंडार कक्ष, रसोई घर और कंप्यूटर कक्ष का भी बारीकी से निरीक्षण किया एवं वहां उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया।

 

विद्यालय परिसर की स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए सभी कमरों की साफ-सफाई की जांच की गई। इस दौरान टीम के सदस्यों ने दोनों विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों से आत्मीय बातचीत की और उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया।

 

निरीक्षण के क्रम में विद्यालय परिसर के कुल क्षेत्रफल और वहां उपलब्ध कमरों की संख्या का भी आकलन किया गया। इसके साथ ही इस विषय पर भी विचार-विमर्श व जांच की गई कि वर्तमान ढांचे को देखते हुए भविष्य में इन विद्यालयों में बच्चों के लिए और क्या-क्या नई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

 

उक्त निरीक्षण में दोनों विद्यालय के कर्मी गण एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग, दरभंगा के कर्मिंगन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *