डेस्क:पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस हवाई अड्डे पर शनिवार सुबह इंडिगो की एक फ्लाइट में बम की आशंका जताई गई, जिसके बाद यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इंडिगो की फ्लाइट 6E-7304 कोलकाता से मेघालय के शिलांग जा रही थी और इसे सुबह 9.15 बजे रवाना होना था। एक प्रेस विज्ञप्ति में अधिकारियों ने बताया कि विमान के शौचालय के अंदर चालक दल के सदस्यों को एक पत्र मिला, जिसके कारण बम की आशंका पैदा हुई। उन्होंने बताया कि यात्रियों के विमान में चढ़ने के दौरान यह पत्र बरामद हुआ। सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अधिकारियों द्वारा तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
