दरभंगा

वासंतिक रबी महाभियान-2026 के तहत जिला स्तरीय रबी प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान दिवस पर उत्कृष्ट महिला किसानों को किया गया सम्मानित

 

किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने एवं कृषि योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने का निर्देश

दरभंगा, 15 अक्टूबर 2026:-प्रेक्षागृह, दरभंगा में वासंतिक रबी महाभियान-2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय रबी प्रशिक्षण सह कार्यशाला एवं अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, संयुक्त निदेशक (शस्य) श्री संजय कुमार, संयुक्त निदेशक उद्यान श्री राकेश कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ सहित कृषि एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि रबी मौसम को ध्यान में रखते हुए किसानों को खाद एवं बीज का वितरण निर्धारित समय पर सुनिश्चित किया जाए।

 

उन्होंने कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा किसानों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने में तत्परता बरतने पर बल दिया।

 

संयुक्त निदेशक (शस्य) श्री संजय कुमार एवं संयुक्त निदेशक उद्यान श्री राकेश कुमार ने सभी अनुमंडल कृषि पदाधिकारियों एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने मिट्टी की जांच कराने तथा जांच के आधार पर किसानों को उर्वरकों के संतुलित उपयोग के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।

 

कार्यशाला के दौरान प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनुराधा कुमारी ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती के प्रमुख घटकों की संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने किसानों को खेती में प्राकृतिक संसाधनों के समुचित उपयोग तथा कृषि पद्धतियों को अपनाने के महत्व से अवगत कराया।

 

परियोजना निदेशक, आत्मा, दरभंगा श्री कमलेश कुमार सिंह ने फार्मर रजिस्ट्री, डिजिटल क्रॉप सर्वे, आत्मा योजना एवं बिहार कृषि एप के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इन पहलों के माध्यम से किसानों तक कृषि संबंधी सूचनाएं एवं योजनाओं का लाभ पहुंचाने के महत्व पर प्रकाश डाला।

 

वहीं, बैंक के पदाधिकारी ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण के निर्धारित लक्ष्य एवं उपलब्धि की विस्तृत जानकारी दी। सहायक निदेशक, ईख विकास पदाधिकारी, दरभंगा ने शरदकालीन गन्ने की बुवाई तथा गन्ना विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

 

सहायक निदेशक रसायन, मिट्टी जांच प्रयोगशाला, श्री अमित कुमार ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से मिट्टी की उर्वरता की जानकारी प्राप्त करने तथा फसलों में उर्वरकों के संतुलित उपयोग के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने मिट्टी की जांच के आधार पर आवश्यक पोषक तत्वों का उपयोग करने की उपयोगिता बताई।

 

क्षेत्रीय धान अनुसंधान केंद्र, बिरौल के सहायक अध्यापक डॉ. मोहम्मद साजिद हुसैन ने रबी फसलों, विशेषकर गेहूं एवं मक्का के उत्पादन की उन्नत तकनीकों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बेहतर उत्पादन के लिए वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के महत्व की जानकारी दी।

 

सहायक निदेशक, पौधा संरक्षण, रोमी कुमारी ने रबी फसलों में कीट एवं व्याधि प्रबंधन के संबंध में जानकारी देते हुए फसलों को कीटों एवं रोगों से सुरक्षित रखने के उपायों पर प्रकाश डाला।

 

वहीं, उपनिदेशक कृषि अभियंत्रण आकांक्षा ने कृषि यंत्रीकरण योजनाओं की जानकारी दी तथा कृषि कार्यों में आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग की उपयोगिता बताई।

 

कार्यक्रम के समापन के पश्चात अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों सहित उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर कृषि क्षेत्र में किसानों के योगदान को रेखांकित करते हुए कृषि उत्पादन बढ़ाने, वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने तथा कृषि योजनाओं का लाभ अधिकाधिक किसानों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

 

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य रबी मौसम में किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, बीज एवं खाद की उपलब्धता, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, पौधा संरक्षण, कृषि यंत्रीकरण तथा विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा,ताकि किसान वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *