स्थानीय

दरभंगा : समिति सदस्यों ने विभिन्न प्रपत्रों के प्रारूपों को दिया अंतिम रूप, संस्कृत विवि में सीनेट सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया बढ़ी आगे

दरभंगा। संस्कृत विश्वविद्यालय में सीनेट सदस्यों के लिए शिक्षक सम्वर्ग व कालेजों के शासी निकाय के प्रतिनिधियों के निर्वाचन 2026 के लिए गठित समिति सदस्यों की आयोजित बैठक में कई निर्णय लिए गए। साथ ही चुनाव सम्बन्धी करीब दर्जनभर प्रपत्रों के प्रारूपों को भी अंतिम रूप दिया गया जिसे कुलसचिव के माध्यम से कुलपति के अनुमोदन पश्चात अगली बैठक में प्रस्तुत करने का प्रस्ताव दिया गया। साथ ही मतदान व मतगणना के दिन पुलिस बल समेत अन्य सुरक्षात्मक व्यवस्था करने का भी प्रस्ताव समिति सदस्यों ने दिया है।
उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ निशिकांत ने बताया कि निर्वाचन में भाग लेने के लिये नामांकन पत्र, मत पत्र, मतगणना पत्र, मतदाता सूची समेत अधिसूचना से जुड़े कई प्रपत्रों के प्रारूपों को सदस्यों ने अपने स्तर से अंतिम रूप दे दिया है। कुलपति से अनुमोदन मिलने के बाद इसे अधिकृत रूप से अधिसूचित कर दिया जाएगा। इसके बाद ही चुनाव सम्बन्धी विभिन्न तिथियां भी घोषित हो पाएगी।
इसके अलावा समिति सदस्यों ने कई जरूरी मुद्दों पर भी विचार किया और विंदुवार प्रशासनिक निर्णय लेने का प्रस्ताव दिया है। उल्लेखनीय है कि 1982 के बाद पहली बार हो रहे इस चुनाव प्रक्रिया को सम्पन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय में तीन सदस्यों की कमेटी गठित की गई है। कमेटी के संयोजक पूर्व कुलसचिव डॉ सुरेश्वर झा, सदस्य डॉ अजित कुमार चौधरी एवं अंजीत कुमार चौधरी बैठक में शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *