स्थानीय

दरभंगा स्थित नेहरू स्टेडियम की बदहाली पर राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने खेल मंत्री को लिखा पत्र

जीर्णोद्धार व आधुनिकीकरण की उठाई मांग

दरभंगा (निशांत झा)। दरभंगा स्थित नेहरू स्टेडियम की जर्जर हालत को लेकर बिहार प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया को पत्र लिखकर इसके शीघ्र जीर्णोद्धार, आधुनिकीकरण एवं खेल अवसंरचना विकास की मांग की है।

सांसद ने अपने पत्र में कहा है कि नेहरू स्टेडियम जिले का प्रमुख खेल परिसर है, जहां वर्षों से स्थानीय खिलाड़ी अभ्यास और प्रतियोगिताएं करते आ रहे हैं। लेकिन लंबे समय से समुचित रखरखाव के अभाव में स्टेडियम की स्थिति अत्यंत खराब हो गई है। मैदान असमतल है तथा बरसात में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास में दिक्कत होती है।

उन्होंने बताया कि दर्शक दीर्घा जर्जर अवस्था में है और सुरक्षित बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं है। शौचालय, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के कारण शाम के समय अभ्यास व प्रतियोगिताएं प्रभावित होती हैं।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि दरभंगा शिक्षा व सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला है और यहां खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यदि स्टेडियम का आधुनिकीकरण कर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो यहां से राज्य व राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार किए जा सकते हैं।

सांसद ने खेल मंत्री से स्टेडियम का निरीक्षण कराकर मैदान के समतलीकरण, जलनिकासी व्यवस्था, आधुनिक फ्लडलाइट, दर्शक दीर्घा के पुनर्निर्माण व अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए बजट स्वीकृत करने का आग्रह किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस दिशा में सकारात्मक पहल करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *