अन्य

दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में उनके कार्यालय में जनता दरबार में पहुंचे, सूनी गई फरियाद

दरभंगा। आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा, हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में आज कार्यालय कक्ष में आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त परिवादों की सुनवाई की गई तथा समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी निस्तारण पर विशेष बल दिया गया। आज आयोजित जनता दरबार में समाज कल्याण विभाग, राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 15 से अधिक परिवाद प्राप्त हुए। कई मामलों का समाधान विभागीय स्तर पर मौके पर ही कर दिया। शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जनता दरबार के दौरान सबा सुल्ताना,सेवा निवृत्त महिला पर्यवेक्षिका, कार्यकारी व्यवस्था के तहत बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, पूसा (समस्तीपुर) से सेवा निवृत्त होने के उपरांत सेवानिवृत्ति लाभ से संबंधित आवेदन लेकर उपस्थित हुईं। आयुक्त महोदय द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित पदाधिकारी को जांच कर विस्तृत जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।आयुक्त ने दरभंगा प्रमंडल के सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त सभी परिवादों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया सभी मामलों से संबंधित प्रतिवेदन अधिकतम सात दिनों के भीतर जन शिकायत कोषांग, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। आयुक्त ने कहा जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। जनता दरबार के दौरान आयुक्त महोदय द्वारा सभी आवेदकों की समस्याओं को धैर्य एवं गंभीरता से सुना गया तथा प्रत्येक मामले में निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। प्रशासन द्वारा नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा जनता दरबार आम नागरिकों एवं प्रशासन के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम सिद्ध हो रहा है, जिससे जन समस्याओं के पारदर्शी, प्रभावी एवं त्वरित समाधान को सुनिश्चित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *