
सड़क, रेलवे तथा हवाई कनेक्टिविटी का केंद्र बिंदु बनेगा दरभंगा : डा गोपाल जी ठाकुर
दरभंगा। दरभंगा एयरपोर्ट का कायाकल्प किया जा रहा है। उड़ान योजनांतर्गत चालू होने के बाद से ही इस एयरपोर्ट ने देश स्तर पर राजस्व संग्रह तथा उड़ान भरने वाले यात्रियों की संख्या के मुद्दे पर एक रिकॉर्ड स्थापित किया है वह चर्चा का विषय बना हुआ है। यात्रीयो की बढ़ रही लगातार संख्या इस बात को साबित करता है उत्तर बिहार, कोशी तथा नेपाल की तराई क्षेत्रों के हवाई यात्रियों के लिए दरभंगा एयरपोर्ट पहली पसंद बनता जा रहा है तथा लाभदायक साबित हो रहा है।
दरभंगा एयरपोर्ट परिसर स्थित नव निर्मित अस्थायी टर्मिनल भवन का शीघ्र लोकार्पण किया जाएगा ताकि यात्री सुविधाओं तथा एयरपोर्ट के प्रशासनिक कार्यों में सुविधा की बढ़ोतरी हो सके। स्थानीय सांसद सह दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन डॉ गोपाल जी ठाकुर ने शनिवार की देर संध्या एयरपोर्ट अधिकारयों के साथ इस नव निर्मित अस्थायी टर्मिनल भवन का निरीक्षण करने के बाद उपरोक्त बातें कही।
सांसद डा ठाकुर ने निरीक्षण के बाद दरभंगा एयरपोर्ट पर किए जा रहे निर्माण कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया इस हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के मानक के अनुसार बनाया जा रहा है। 912 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन न्यू टर्मिनल परियोजना को समय से पूरा करने तथा इसमें तेजी लाने के लिए निर्माण एजेंसी तथा तथा संबंधित अभियंताओं एवं अधिकारयों को निर्देशित किया गया।देश स्तर पर राजस्व के मुद्दे पर शीर्ष स्थान रखने वाले इस एयरपोर्ट से होने वाले नाइट लैंडिंग उड़ान के लिए आधारभूत संरचना के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा आवश्यक संयंत्रों को स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। सांसद ने बताया नाइट लैंडिंग के लिए कैट 2 के तहत आई लेस सिस्टम म्यूआर, इंस्टमेट लाइटिंग आदि के कार्य को पूरा कर लिए जाने के बाद इस हवाई अड्डे की सूरत बदल जाएगी। उन्होंने नौ सौ बारह करोड़ की लागत से नब्बे एकड़ जमीन में बन रही न्यू टर्मिनल भवन परियोजना को दरभंगा के विकास का एक स्वर्णिम अध्याय बताते हुए कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जिस तरह से यहां विकास के नए आयाम स्थपित किए जा रहे हैं वह देश के मानचित्र पर एक नए गाथा का निर्माण करेगा।
सांसद डा ठाकुर ने बताया कि
इस एयरपोर्ट के लिए सीआईएसएफ की स्थाई तैनाती तथा उसके लिए सभी औपचारिकताओं पर केंद्र सरकार गंभीरता से पहल कर रही जिसका शीघ्र सकारात्मक परिणाम दिखेगा। उन्होंने बताया दरभंगा को सड़क, रेलवे तथा हवाई कनेक्टिविटी का केंद्र बिंदु बनाए जाने के लिए केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार गंभीरता से पहल कर रही है। एयरपोर्ट के नव निर्मित अस्थायी टर्मिनल भवन के निरीक्षण के क्रम में सांसद डा ठाकुर के साथ एयरपोर्ट डायरेक्टर दिलीप कुमार, टर्मिनल मैनेजर सूरजचन्द, पायल प्रिया, रवि शुक्ला, शाहीन परवेज आदि मौजूद थे।