अन्य

दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्रों के प्रस्ताव के लिए राजनीतिक दलों के साथ हुई बैठक

दरभंगा। बिहार विधान परिषद के 5 – दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत मतदान केंद्रों के प्रस्ताव को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी, कौशल कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित हुई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जानकारी दी बिहार विधान परिषद के 5-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन पूर्ण कर लिया गया है। अंतिम प्रकाशन के उपरांत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पूर्व से अनुमोदित मतदान केंद्रों की स्थिति से प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया। दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत दरभंगा जिला में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पूर्व से अनुमोदित कुल 34 मतदान केंद्र हैं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत दरभंगा जिला में पूर्व से अनुमोदित 32 मतदान केंद्र हैं।

निर्वाचकों के आँकड़ों की जानकारी देते हुए बताया गया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 34,602 निर्वाचक हैं,जिनमें 25,096 पुरुष, 9,505 महिला तथा 04 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2,901 मतदाता हैं, 2,228 पुरुष एवं 673 महिला मतदाता सम्मिलित हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने यह स्पष्ट किया की बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत मतदान केंद्रों का गठन अधिकतम 1400 निर्वाचकों के मानक के आधार पर किया जाना है। इस मानक के अनुसार 1400 से अधिक निर्वाचकों वाले कुल 9 मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा एवं निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए 9 सहायक मतदान केंद्रों के गठन का प्रस्ताव किया गया है। प्रस्तावित सहायक मतदान केंद्रों के गठन के उपरांत दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मूल मतदान केंद्रों की संख्या 34 एवं सहायक मतदान केंद्रों की संख्या 9 प्रस्तावित है। दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत जिला में 32 मूल मतदान केंद्र प्रस्तावित रहेंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में प्रस्तावित सहायक मतदान केंद्रों का गठन भारत निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन विभाग के दिशा-निर्देशों के पूर्ण अनुरूप है, जिस पर सभी माननीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की सहमति अपेक्षित है। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेश कुमार सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि राहुल कुमार कर्ण,मुकेश कुमार पासवान,संदीप कुमार चौधरी, जवाहरलाल शर्मा,दिनेश कुमार राम, मुकुंद चौधरी,अशोक नायक,गगन कुमार झा,सीताराम चौधरी,देवेंद्र कुमार झा,बसंत कुमार झा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *