डेस्क: न्यूयॉर्क पोस्ट ने मानवाधिकार समूहों के हवाले से बताया कि सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों की बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियों के बीच बुधवार को प्रशासन द्वारा पहले प्रदर्शनकारी को फांसी देने के फैसले के बाद ईरान में और अधिक क्रूरता देखने को मिल सकती है।
ईरान मानवाधिकार संगठन (आईएचआर) और ईरान में लोकतंत्र के लिए राष्ट्रीय संघ (एनयूएफडी) के गैर सरकारी संगठनों ने बताया कि 26 वर्षीय इरफान सोलतानी को कराज में हुए प्रदर्शनों के दौरान गिरफ्तार किया गया था और कथित तौर पर उन्हें फांसी दी जानी है। एनयूएफडी ने बताया कि उस व्यक्ति का ‘एकमात्र अपराध ईरान की आजादी की मांग करना है।’
वहीं संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों ने कहा है कि ईरान में मौजूद संयुक्त राष्ट्र के 500 से अधिक कर्मचारी सुरक्षित हैं और सभी का पता लगा लिया गया है। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने मंगलवार को पत्रकारों से कहा कि देशभर में फैली अशांति और सैकड़ों प्रदर्शनकारियों की मौत के चलते कई कर्मचारी घर से ही काम कर रहे हैं। उधर, ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव और वहां की संसद के पूर्व अध्यक्ष अली लारजियानी ने देश में हिंसक प्रदर्शनों में दखलंदाजी करने की ट्रंप की ताजा धमकी पर प्रतिक्रिया देते हुए मंगलवार को कहा कि ईरानी नागरिकों की मौत के जिम्मेदार अमेरिका और इजराइल होंगे। इस बीच, रूस के विदेश मंत्रालय ने ईरान पर हमले की अमेरिका की धमकी को “स्पष्ट रूप से अस्वीकार्य” बताया।
