अन्य

मैथिली पत्र -साहित्य कुलपति द्वारा लोकार्पित, शोध -आलेख केंद्रित पुस्तक में शिक्षकों और शोधार्थियों के आलेख शामिल 

दरभंगा। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर मैथिली विभाग द्वारा संचालित विद्यापति पीठ के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी के अवसर पर शोध-आलेखों का संग्रह ‘मैथिली पत्र साहित्य’ का लोकार्पण शुक्रवार को कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी के कर- कमलों द्वारा किया गया। लोकार्पण के शुभ अवसर पर कुलपति ने कहा कि मैथिली विभाग के सभी शिक्षकों का प्रयास प्रशंसनीय है। सभी ने मैथिली साहित्य के संवर्द्धन में योगदान दिया है। मुझे प्रसन्नता है कि शोध – आलेखों का संग्रह ‘ मैथिली पत्र – साहित्य’ साहित्य प्रेमियों और शोधार्थियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने आगे कहा कि सभी विभागाध्यक्षों को अपने विभाग में गुणवत्तापूर्ण शोध को बढ़ावा देने की दिशा में पहल करनी चाहिए। मालूम हो कि

‘मैथिली पत्र साहित्य ’ आईएसबीएन नंबर के साथ प्रकाशित हुआ है, जिसमें कुल छियालीस शोध आलेख संगृहीत हैं। इस लोकार्पण अवसर पर विभागाध्यक्ष व संपादक प्रो. दमन कुमार झा ने कहा कि विद्यापति पीठ के संरक्षक प्रो भीमनाथ झा हैं। उनके संरक्षण में राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं पुस्तक का प्रकाशन हुआ है। मैथिली विभाग लगातार साहित्यिक रचना – कर्म की ओर अग्रसर रहा है। इसी का परिणाम है कि उच्च स्तरीय शोध पुस्तक हम सभी के समक्ष है। निश्चय ही इससे हमारे शिक्षकों, शोधार्थियों एवं छात्रों को लाभ मिलेगा। इस मौके पर विभागीय शिक्षक प्रो. अशोक कुमार मेहता, डा. सुनीता कुमारी, डा. अभिलाषा कुमारी, डा. सुरेश पासवान के संपादन कार्यों का सहयोग सराहनीय रहा। इस लोकार्पण समारोह में आईक्यूएसी निदेशक डॉ मो ज्या हैदर भी उपस्थित रहें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *